undefined

हमले में घायल होमगार्ड की चार माह बाद मौत

लाॅक डाउन के दौरान परिजनों से झगड़ते युवक ने पेट में घोंप दिया था चाकू। आज मेरठ में उपचार के दौरान होमगार्ड ने ली अंतिम सांस

हमले में घायल होमगार्ड की चार माह बाद मौत
X

मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू किये गये लाॅक डाउन के दौरान झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंचे होमगार्ड को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था, खबर है कि आज होमगार्ड की मेरठ में मौत हो गयी है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 4 जून 2020 की रात्रि में शहर कोतवाली की बुढ़ाना पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल इस्लाम अली अपने साथी हमराह होमगार्ड पहल सिंह के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी बीच सूचना मिली थी कि बुढ़ाना मोड पर एक युवक अपने माता पिता के साथ मारपीट कर रहा है। दोनों मौके पर पहुंचे और मारपीट कर रहे युवक दीपक पुत्र लाल सिंह को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान दीपक ने छुरी से इन पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

हमलावर ने होमगार्ड पहल सिंह के पेट में छुरा घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई थी। घायल होमगार्ड को आनन फानन में उपचार के लिये जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत के चलते उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया था। आरोपी युवक को उसी समय छुरी सहित गिरफ्तार कर लिया गया था। तभी से होमगार्ड पहल सिंह की हालत नाजुक बनी हुई थी। सूत्रों के अनुसार आज मेरठ में उपचार के दौरान घायल होमगार्ड ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Next Story