undefined

दुल्हन की तरह सजे थाने, खुली महिला हेल्प डेस्क

मिशन शक्ति के अन्तर्गत सिविल लाइन थाने में डीएम सेल्वा ने किया उद्घाटन, एसएसपी अभिषेक रहे मौजूद। थानों में महिलाओं के हाथों से कटवाया गया हेल्प डेस्क का फीता, सभी 20 थानों में महिला सम्मान का दिखा नजारा।

दुल्हन की तरह सजे थाने, खुली महिला हेल्प डेस्क
X

मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति में महिला सम्मान का बड़ी तस्वीर आज पुलिस थानों से देखने को मिली। जनपद के सभी 20 थानों को आज दुल्हन की तरह सजाया गया था। इन थानों में महिला पीड़ितों की सुनवाई के लिए महिला हेल्प डेस्क शुरू की गयी है। यहां पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी है, जो थानों में आने वाली महिला पीड़ितों की समस्याओं को सुनकर उनको कानूनी मदद देने का काम करेंगी। जनपद में सभी 20 थानों में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ भी महिला सम्मान का प्रतीक बना नजर आया। सिविल लाइन थाने से इसकी शुरूआत जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने की। डीएम सेल्वा ने जब फीता काटा तो वहां मौजूद एसएसपी ने तालियां बजाकर महिला सम्मान के प्रति अपने संकल्प को प्रदर्शित करने का काम किया।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के सभी 1535 थानों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मिशन शक्ति के अन्तर्गत महिला हैल्प डेस्क का शुभारंभ किया। इसके अन्तर्गत जनपद में भी सभी 20 थानों में महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया गया। इसके लिए मुख्य आयोजन सिविल लाइन थाने में हुआ। यहां पर टैंट आदि लगाकार भव्य कार्यक्रम किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. का एसएसपी अभिषेक यादव ने स्वागत किया। डीएम सेल्वा कुमारी जे. द्वारा फीता काटकर महिला हैल्प डेस्क का शुभारंभ किया तो एसएसपी ने ताली बजाकर उनका अभिवादन किया। थाने को पूरी तरह से पिंक कलर से सजाया गया था। यहां पर तैनात कर्मचारी भी वर्दी के ऊपर पिंक कलर की एपरिन पहने नजर आये।


महिला हेल्प डेस्क पर दो महिला पुलिसकमियों को कम्प्यूटर के साथ तैनात किया गया। वह भी पिंक एपरिन पहने थी। इसके अलावा थाने में मौजूद छात्र-छात्राओं, समाजसेवी संगठनों के कार्यकर्ता और अन्य लोग भी पिंक ड्रेस पहनकर आये थे। डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने भी पिंक और हरे कलर की साड़ी पहन रखी थी। डीएम सेल्वा ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान मात्र नहीं है, बल्कि यह समाज को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनको आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सकारात्मक योगदान के प्रति जागरुक करने का प्रेरक प्रयास है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समाज में सुरक्षा देने के लिए हम सभी मिलकर काम करना है। इसकी शुरूआत यदि हम अपने घर से करें तो समाज में सुधार लाने में हम सफल हो सकते हैं। इस अवसर पर एसएसपी अभिेषक यादव ने कहा कि आज सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना हो चुकी है। यहां पर महिलाओं को पुलिस की सहायता विशेष तौर पर प्रदान की जायेगी।

इसके साथ ही नगर के नई मण्डी और शहर कोतवाली थानों में भी महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गयी। इस दौरान सभी थानों में महिलाओं के हाथों से इनका शुभारंभ कराया गया। थाना चरथावल प्रांगण में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ कई कालिजो की प्राचार्या ने सयुंक्त रूप से फीता काटकर किया। सीओ सदर कुलदीप सिंह कार्यक्रम में महिलाओं व छात्राओं को स्वावलंबी बनाने हेतु जागरूक किया। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने महिला हेल्प डेस्क के शुभारंभ पर सभी कालिजांे की प्राचार्या सहित महिला ग्राम प्रधानों, महिला सभासदों को आमंत्रित किया था।


जानसठ कोतवाली परिसर में मिशन शक्ति के तहत नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोग व जनप्रतिनिधि के अलावा महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया। मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी आईएएस अमृतपाल कौर ने महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया और कहा कि नारी के बिना समाज की कल्पना करना व्यर्थ है। इसलिए नारी का सम्मान सर्वोपरि है। एसपी ग्रामीण नेपाल सिंह ने कहा कि हमें दूसरे की बेटी को अपने जैसी समझना होगा, इसी भावना से नारी सुरक्षा के लिए समाज में सुधार आ जायेगी। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क की जानकारी दी। इस दौरान मुख्य रूप से चेयरमैन प्रवेंद्र भड़ाना, बृजेश रस्तोगी, इस्लाम प्रधान कव्वाल राजीव गुप्ता डीएसपी शकील अहमद कोतवाली प्रभारी दीपक चतुर्वेदी सहित पूरी पुलिस टीम मौजूद रही।

Next Story