सपाईयों ने मनाई पूर्व सीएम मुलायम की जयंती
धरतीपुत्र को याद कर अर्पित की पुष्पांजलि, नीतियों को अपनाने का लिया संकल्प

समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं देश के पूर्व रक्षा स्वर्गीय मुलायम सिंह की जयंती आज सपाईयों ने धूमधाम से मनाई। सपा नेताओं ने इस अवसर पर उनके चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया और सभी ने मिलकर उनकी नीतियों को अपनाने का संकल्प लेते हुए पार्टी के मिशन 2024 को मिलकर सफल बनाने की बात दोहराई।
बुधवार को महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष जिया चौधरी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती हर्षोल्लास से मनाई। इस अवसर पर पूर्व सांसद कादिर राणा ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आज हम यहां पर सपा संस्थापक व संरक्षक रहे यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व देश के पूर्व रक्षामंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। उन्होंने ने नेताजी के संघर्षों को याद करते हुए उनकी नीतियों पर चलने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नेताजी ने आजीवन समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए देश और प्रदेश की सत्ता में रहकर समाज सेवा का काम किया। छोटे से गांव सैफई से निकलकर 4 नवम्बर 1992 को लखनऊ में समाजवादी पार्टी का स्थापना कर उन्होंने कार्यकर्ताओं और संघर्षों के बल पर समाजवादी पार्टी को देश की प्रमुख पार्टियों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया। इस दौरान सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्व. मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। जिया चौधरी ने कहा कि नेताजी के नेतृत्व में चार बार उत्तर प्रदेश की सत्ता में रहते हुए समाजवादी पार्टी ने प्रदेश का चहुमुंखी विकास किया। गरीबों, मजलूमों और किसानों के लिए किए गए कार्यों के चलते उन्हें धरतीपुत्र कहा जाता है। उनकी मृत्यु होने से राष्ट्रीय राजनीति की बहुत बड़ी क्षति हुई। इस अवसर पर राकेश शर्मा, बॉबी त्यागी, महेश बंसल, राशिद मलिक सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।