भोपा पुलिस की शातिर हिस्ट्रीशीटर से मुठभेड़, सिपाही घायल

Update: 2021-01-15 10:28 GMT

मुजफ्फरनगर। जनपद में चलाये जा रहे अपराध उन्मूलन के अभियान में भोपा पुलिस की एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी से मुठभेड़ हो गयी। मुठभेड़ में पुलिस ने बदमाश को करारा जवाब देते हुए घायल कर दिया। बाद में उसको गिरफ्तार कर जेल भेजा। इस मुठभेड़ में एक सिपाही भी गोली लगने के कारण घायल हुआ है। गिरफ्तार बदमाश का उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों में आतंक रहा बना हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को थाना भोपा पुलिस की एक शातिर अपराधी के साथ मुठभेड़ हो गयी। पुलिस द्वारा इस मुठभेड़ में 01 अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। भोपा थानाध्यक्ष सूबे सिंह यादव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त थाना ककरौली का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल नरेंद्र नागर भी बदमाश द्वारा की गयी फायरिंग में गोली लगने के कारण घायल हुआ।

पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार अभियुक्त का नाम सुशील पुत्र सुखवीर निवासी गांव चैरावाला थाना ककरौली जनपद मुजफ्फरनगर है। पुलिस ने इस बदमाश के पास से 01 तमंचा मय 03 जिन्दा व 02 खोखा कारतूस 315 बोर और 01 मोटरसाईकिल डिस्कवर बिना नम्बर की बरामद की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पर लूट, चोरी, गैंगस्टर, अपहरण, हत्या का प्रयास, बलात्कार जैसी संगीन धाराओं के अन्तर्गत हरियाणा, गुजरात, उत्तराखण्ड व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 02 दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं।

Tags:    

Similar News