मुंबई में अनिल अंबानी का अबोड घर जब्त कर लिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय ने आरकॉम से जुड़े कथित बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यह कार्रवाई की है।
ईडी के अनुसार, यह अटैचमेंट पीएमएलए के तहत अस्थायी रूप से किया गया। मुंबई स्थित ‘अबोड’ नामक यह मल्टी-स्टोरी लग्जरी आवास अनिल अंबानी का प्रमुख निवास माना जाता है। इसकी अनुमानित कीमत 3,716.83 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अनिल अंबानी का अबोड घर क्यों जब्त किया गया?
ईडी का दावा है कि यह संपत्ति आरकॉम द्वारा बैंकों से लिए गए बड़े कर्ज से जुड़े कथित अनियमितताओं से संबंधित है।
रिलायंस कम्युनिकेशंस और उसकी सहयोगी कंपनियों पर भारतीय और विदेशी बैंकों से 40,000 करोड़ रुपये से अधिक का लोन लेने और उसमें गड़बड़ी करने का आरोप है।
जांच एजेंसी के अनुसार, फंड्स को डायवर्ट किया गया और सार्वजनिक धन का गलत इस्तेमाल हुआ।
15,000 करोड़ से अधिक संपत्तियां पहले ही अटैच
ईडी के अनुसार, अनिल अंबानी और उनकी ग्रुप कंपनियों के खिलाफ अब तक 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। इस नए अटैचमेंट के बाद कुल जब्त संपत्तियों का आंकड़ा और बढ़ गया है।
पूछताछ के लिए समन जारी
ईडी ने अनिल अंबानी को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। बताया गया है कि वे दिल्ली में जांच में शामिल होंगे। यह जांच आरकॉम के दिवालिया होने और बैंकों के बड़े कर्ज न चुकाने से जुड़ी है।
इससे पहले भी अनिल अंबानी ग्रुप की कई संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। इनमें पाली हिल स्थित प्रॉपर्टी, दिल्ली-एनसीआर के कार्यालय, नोएडा और नवी मुंबई की जमीनें शामिल हैं।
फिलहाल, ईडी की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।






