मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक वांछित आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आवास विकास कॉलोनी में हुई चोरी की घटना में वांछित था और कार्रवाई के दौरान उस पर फायरिंग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 17.03.2026 को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आवास विकास कॉलोनी, खतौली में आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी द्वारा पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप है, जिसमें पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। मौके से 01 तमंचा 315 बोर, 02 खोखा कारतूस, 01 जिन्दा कारतूस बरामद हुए।
खतौली पुलिस मुठभेड़ में आरोपी से अवैध तमंचा, कारतूस, जेवर और नकदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार यह सामान आवास विकास कॉलोनी में हुई चोरी से संबंधित बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक गले की कंठी मय लॉकेट, दो कान की छुमकी, एक जोड़ी पाजेब, ₹4420 नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। यह बरामदगी आवास विकास कॉलोनी, खतौली से दिन में हुई चोरी की घटना से संबंधित बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश उर्फ काला पुत्र वारिस उर्फ वसीम निवासी गली नंबर 5, हुँमायु नगर थाना लिसाड़ी गेट के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें बीएनएस और अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं।





