undefined

भारतीय संस्कृति और देशभक्ति का संगम एम.जी. पैनोरमा

एम.जी. पब्लिक स्कूल में एमजी पैनोरमा-2022 का मनोहारी शुभारंभ, बच्चों ने अपनी मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से विश्व में भारत के प्रभुत्व की झलक पेश की।

भारतीय संस्कृति और देशभक्ति का संगम एम.जी. पैनोरमा
X

मुजफ्फरनगर। एम.जी. पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय वार्षिकोत्सव एमजी पैनोरमा-2023 मनोहारी वातावरण के बीच शुरू हुआ। बच्चों ने अपनी मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से विश्व में भारत के प्रभुत्व की झलक पेश की तो धर्म, संस्कृति और भारतीय सभ्यता को प्रदर्शित करने के लिए अपनी कला प्रतिभा को सराहनीय स्तर पर साबित किया।

एम.जी. पब्लिक स्कूल के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव एमजी पैनोरमा-2023 में सर्वप्रथम विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय बाबू हरंबस लाल गोयल की प्रतिमा पर एमजी चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश गोयल, एम.जी. पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष भीम कंसल, स्कूल कमेटी के सचिव विकास गोयल, सदस्य वैभव गोयल, उपाध्यक्ष विनीत सिंघल, कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल, मधु गोयल, मेघना गोयल, प्रिंसीपल श्रीमति मोनिका गर्ग व अन्य अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने पुष्प अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। इसके उपरांत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सी.बी.एस.ई देहरादून (उत्तराखंड) के ज्वाइंट सेक्रेटरीध्रीजनल आॅफीसर डा. रणबीर सिंह ने ट्रस्ट एवं स्कूल कमेटी के पदाधिकारियों तथा गणमान्य लोगों के साथ मां सरस्वती के विग्रह के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। आज शुरू हुए दो दिवसीय इस उत्सव के इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में पधारे ट्रस्ट और स्कूल कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों, अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमति मोनिका गर्ग ने किया। स्कूल के छात्रों ने विद्यालय प्रांगण में पहुंचे अतिथियों को मार्च पास्ट के साथ सलामी पेश की। सभी अतिथियों को अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।


मनोहारी वातावरण के बीच हर्ष एवं उल्लास को समर्पित इस दो दिवसीय वार्षिकोत्सव के उद्घाटन के साथ बेहद सुन्दर अंदाज में मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सरस्वती वंदना में विद्यालय की छात्राओं ने विद्या की देवी को नृत्य प्रस्तुति के साथ नमन किया। अतिथियों और अभिभावकों के सम्मान में नन्हें मुन्ने बच्चों ने वेलकम डांस की सुन्दर प्रस्तुति के साथ सभी का मन मोह लिया। मंच पर प्रदर्शित अगला कार्यक्रम सभी को एक स्वप्नलोक की सैर पर ले गया। जल परी द्वारा रचित जल उल्लास को नन्हे बच्चों ने यादगार प्रस्तुत के रूप में मंच पर एक सुन्दर कहानी के रूप में प्रदर्शित किया तो सभी इस जल क्रीडा के आनंद में डूबे नजर आये।


अगली प्रस्तुति भारतीय संस्कृति को समर्पित रही। इसमें भारत की देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक, सामाजिक, नृत्य एवं परम्पराओं को चंद मिनट की नृत्य प्रस्तुति के रूप में विद्यार्थियों ने मनमोहक रूप से प्रदर्शित किया। कार्यक्रम को सभी ने प्रशंसनीय बताया। इस प्रकार आपणो गुजरात कार्यक्रम भी संस्कृति और सभ्यता का प्रदर्शन रहा। भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त हनुमान जी के लिए हनुमान चालीसा और वराह रूपम् भगवान हरि विष्णु के अवतार को समर्पित रहे। इन दोनों कार्यक्रमों के सहारे बच्चों ने जिस प्रकार अपना ओजस्वी प्रदर्शन मंच पर किया, उससे पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से परिपूर्ण नजर आया। युगनायक विवेकानन्द के जीवन चरित्र, संघर्ष को समर्पित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बहुत ही सुन्दर ढंग से उनकी देशभक्ति को पेश कर युवाओं को देश के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा दी। देश के महान राजाओं महाराणा प्रताप, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, विरांगना दुर्गावती आदि के जीवन दर्शन और उनके अभेद्य किलों के बारे में कार्यक्रम वाल्स आॅफ फोर्ट भी जमकर सराहा गया।

इस अवसर पर प्रिंसीपल श्रीमति मोनिका गर्ग द्वारा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। अतिथियों के द्वारा वार्षिक परीक्षाओं एवं प्रतियोगिताओं में उच्चतम प्रदर्शन करने वाले विघ्द्यालय के छात्र-छात्राओं तथा टाॅपर्स को ट्राफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में अवध और ब्रज की सतरंगी संस्कृति को होली के रंगों के रूप में प्रस्तुत कर बच्चों ने सतरंगी छटा का अहसास कराया। इसके साथ ही भारत अभ्युदय कार्यक्रम विश्व में भारत के बढ़ते प्रभाव को समर्पित रहा। इस मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने इसरो के चन्द्रयान अभियान, खेलों में स्वर्णिम उपलब्धि, जी-20 समिट और विकास को बखूबी दर्शाया। बच्चों ने अपने अंदाज में भारत की उन्नति, सैन्य शक्ति के विकास को एक छोटी परन्तु प्रभावशाली मंचीय प्रस्तुति के रूप में पेश किया। अतिथियों ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि छोटे बच्चों को इस तरह की मंचीय प्रस्तुतियों के लिए तैयार करना ही सराहनीय है। उन्होंने कार्यक्रम में भारत और भारतीय संस्कृति के इतिहास तथा वर्तमान के प्रस्तुतिकरण की प्रशंसा की।


एम.जी. चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश चन्द गोयल ने अपने सम्बोधन में कहा कि कार्यक्रम के सहारे बच्चों ने देश, धर्म और संस्कृति के प्रति जिस प्रकार से समर्पण का संदेश दिया है, वह सराहनीय है। इसमें कोई दो राय नहीं कि आज का भारत विश्व में चमक रहा है। बच्चों ने भी इस पूरे वर्ष शैक्षिणक और खेलकूद स्तर पर अनेक सराहनीय और श्रेष्ठ उपलब्धियां हासिल की हैं। यह उत्सव उसी का जश्न मनाने का दिन है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को संस्कारवान बनाने की अपील की और कार्यक्रम की प्रशंसा की। प्रिंसीपल मोनिका गर्ग ने अपने संदेश में कहा कि विद्यालय जीवन में वार्षिकोत्सव का विशेष महत्त्व है, क्योंकि इसका उदेश्य विद्यार्थियों में आत्म-संयम, विद्यालय की प्रगति में सहयोग देना और अभिभावकों से सम्पर्क स्थापित करना होता है। इन उत्सवों के आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, प्रदर्शन, आत्माभिव्यक्ति और दायित्व की भावना को बहिर्मुखी होकर विकसित होने का पूरा मौका मिलता है। उन्होंने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करने के साथ ही सभी शिक्षक शिक्षिकाओं के परिश्रम की प्रशंसा की और अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार जताया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से एमजी चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश गोयल, एम.जी. पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष भीम कंसल, स्कूल कमेटी के सचिव विकास गोयल, सदस्य वैभव गोयल, उपाध्यक्ष विनीत सिंघल, कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल, मधु गोयल, मेघना गोयल, विख्यात सिंघल, पूजा सिंघल, हिमांशी सिंघल, उद्यमी राकेश बिन्दल, दिनेश मोहन एडवोकेट, डा. अविनाश रमानी, जेवी स्कूल के प्रिंसीपल वीएस वर्मा, जीसी पब्लिक स्कूल के प्रिंसीपल आजादवीर, केपी सिंह होली एंजिल्स, एडीजीसी विक्रान्त राठी, सत्यवीर सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सफल बनाने में स्कूल के समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं एव स्टाफ का योगदान रहा। एंकरिंग हैड ब्वाॅय हर्ष गोयल व हैड गर्ल शगुन गर्ग, नन्दिनी एवं आरूषी द्वारा की गई।

Next Story