यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 का आगाज़, पहले दिन हल किया हिन्दी का प्रश्नपत्र

शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की अधिकता के कारण कई स्थानों पर यातायात बाधित रहा और जाम की स्थिति बनी रही

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षाएं बुधवार से जनपद में शांतिपूर्ण वातावरण में प्रारम्भ हो गईं। पहले दिन हिन्दी एवं सामान्य हिन्दी विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया गया। सुबह से ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्थापित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
जनपद में बनाए गए 72 परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राएं समय से पहले ही पहुंचने लगे थे। कई परीक्षार्थी अपने परिजनों के साथ केंद्रों पर पहुंचे। केंद्रों के बाहर अभिभावकों की लंबी कतारें देखी गईं। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की अधिकता के कारण कई स्थानों पर यातायात बाधित रहा और जाम की स्थिति बनी रही। परीक्षा से पूर्व अनेक छात्र-छात्राएं शिव चौक पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सफलता की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में भी परीक्षार्थियों की अच्छी-खासी भीड़ रही।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारम्भ होकर 12 मार्च 2026 तक संचालित होंगी। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जा रही है। प्रातःकालीन सत्र सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक तथा अपराह्न सत्र दोपहर 2.00 बजे से 5.15 बजे तक निर्धारित किया गया है। हाईस्कूल की परीक्षाएं मुख्यतः प्रातःकालीन सत्र में आयोजित की जा रही हैं, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दोनों सत्रों में संपन्न कराई जाएंगी। 18 फरवरी को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के लिए हिन्दी तथा सामान्य हिन्दी विषय का प्रश्नपत्र निर्धारित था।
बताया कि जनपद में इस वर्ष कुल 56,163 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 29,128 छात्र एवं 27,035 छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।

इसे भी पढ़ें:  9,12,696 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे बड़ा बजट

Also Read This

मुजफ्फरनगर-पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शहर को दी स्वच्छ हवा की सौगात

कूड़ा डलावघर को विकास की नई तस्वीर में बदला, शहर में तीन स्थानों पर अत्याधुनिक एयर मिस्ट टावर जनता को समर्पित

Read More »