घटना के बाद फरार हुआ अज्ञात वाहन चालक, मृतक की नहीं हो सकी शिनाख्त, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे एक अज्ञात व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।सूचना मिलते ही मंसूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने उसकी शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया मगर उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
मंसूरपुर थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है,ताकि अज्ञात वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों को सूचना दे दी है। शिनाख्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर मंसूरपुर क्षेत्र के गांव पुरा निवासी तीन युवक नासीर पुत्र नसीम, हसीन व जुनेद पुत्रगण इकबाल मंगलवार सुबह बाइक पर सवार होकर अपने गांव से निजामपुर की ओर जा रहे थे। जब यह निजामपुर के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई, जिसमें दो युवक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है।






