आगरा में 5 वर्षीय बच्चा दिनदहाड़े किडनैप, 8 घंटे बाद मिला सकुशल — अपहरणकर्ता फरार

आगरा। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के गढ़ी चांदनी इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब घर के बाहर खेल रहा 5 साल का बच्चा अचानक लापता हो गया। बताया गया कि दो युवक उसे अपने साथ लेकर फरार हो गए थे। पुलिस और परिजनों की घंटों की तलाश के बाद देर रात करीब आठ घंटे बाद बच्चा सकुशल मिल गया। अपहरणकर्ता उसे घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर छोड़कर भाग गए।

कैसे हुई वारदात

दोपहर करीब 1:30 बजे बच्चा अपने घर के पास खेल रहा था। तभी दो युवक वहां पहुंचे और उसे बहला-फुसलाकर ले गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक युवक बच्चे की उंगली पकड़कर चलते हुए दिखाई दिया, जबकि दूसरा युवक एक्टिवा स्कूटर लेकर पास में खड़ा था। दोनों कुछ ही मिनटों में बच्चे को लेकर फरार हो गए।

इसे भी पढ़ें:  लखनऊ: राष्ट्र प्रेरणा स्थल से गमले चोरी, कार-स्कूटी से ले जाते दिखे लोग, FIR की तैयारी

परिवार और पुलिस की भागदौड़

परिवार ने जब बच्चे को आसपास खोजा और कहीं पता नहीं चला, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। फुटेज देखकर पुलिस ने संभावित इलाकों में घेराबंदी की और खोजबीन शुरू की।
बच्चे के पिता सोनू, जो गढ़ी चांदनी में “राधे ज्वेलर्स” नाम से दुकान चलाते हैं, ने बताया कि बच्चे के गायब होने के तुरंत बाद उन्हें अपहरणकर्ताओं का फोन आया। कॉल पर 2.5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और पैसे लेकर आने की धमकी दी गई।

तीन बार बदली गई लोकेशन

पिता सोनू ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने तीन बार लोकेशन बदली। पहले 2.5 लाख रुपये मांगे, फिर बातचीत में 1.5 लाख रुपये पर सहमति जताई। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉल पर बच्चे को भी दिखाया ताकि परिवार डर जाए। सोनू ने तुरंत यह जानकारी पुलिस के साथ साझा की। जांच में पता चला कि जिस मोबाइल नंबर से कॉल की गई, उसका सिम कार्ड फर्जी पते पर लिया गया था।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन के कायाकल्प को मुखर हुए सपा सांसद हरेन्द्र मलिक

करीबी निकला अपहरणकर्ता

पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के अनुसार, जांच में सामने आया कि बच्चे का अपहरण उसी के एक करीबी व्यक्ति ने किया था, जिससे बच्चा परिचित था। इसी कारण वह बिना विरोध उसके साथ चला गया। देर शाम आरोपियों ने दबाव बढ़ने पर बच्चे को गली में छोड़ दिया। कुछ स्थानीय लोग उसे उठाकर घर ले आए, जिसके बाद परिवार की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा।

परिवार का भावुक बयान

बच्चे की दादी पद्मा ने बताया, “वह मेरे घर आ रहा था, जो यहां से लगभग 200 मीटर दूर है। लेकिन बीच रास्ते से कोई उसे उठा ले गया। जब वह नहीं पहुंचा तो हम सब घबरा गए। काफी देर खोजने के बाद कैमरा फुटेज देखकर पूरी सच्चाई पता चली।”

इसे भी पढ़ें:  महिला से अभद्रता पर भाकियू ने बिजली घर घेरा

बच्चे के पिता ने कहा, “हमारा बेटा जब तक नहीं मिला, हम बहुत डरे हुए थे। अपहरणकर्ताओं के फोन से हम दहशत में थे। शुक्र है कि पुलिस की मदद से वह सुरक्षित वापस आ गया।”

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस टीम ने घटना में शामिल दोनों संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह मामला फिरौती और विश्वासघात दोनों की श्रेणी में आता है, और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *