MUZAFFARNAGAR-राजनीतिक खींचतान में जाट महासभा में दो फाड़

धर्मवीर बालियान के साथ एक गुट ने पूर्व कार्यकारिणी के लोगों पर लगाये आरोप, 31 सदस्यीय नवीन कार्यकारिणी घोषित, धर्मवीर बने अध्यक्ष

Update: 2024-05-12 10:46 GMT

मुजफ्फरनगर। अभी तक संगठनात्मक रूप से सामाजिक तोड़फोड़ से अछूते रहे जाट समाज में भी अब राजनीतिक खींचतान और उठा-पटक के कारण दो-दो संगठन बने नजर आ रहे हैं। आज जनपद जाट महासभा मुजफ्फरनगर में नवीन कार्यकारिणी का गठन करते हुए धर्मवीर बालियान को अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही पूर्व घोषित कार्यकारिणी को शून्य होने की बात भी कही गई है। नये संगठन के पदाधिकारियों ने सामाजिक हित में हो रहे कार्यों को और भी वृहद स्तर पर आयोजित करने और समाजहित में सभी को साथ लेकर चलने का भरोसा दिया है।

शहर के एक रेस्टोरेंट में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान धर्मवीर बालियान ने कहा कि आज नई जाट महासभा का गठन किया गया है। पुराना जो संगठन था, उसमें साल 2022 में जो कार्यकारिणी का गठन किया गया था, वो विवादित हो रही है। इसके बहुत सारे कारण है, लेकिन हम समाज हित में कोई भी आक्षेप नहीं लगाएंगे। हम इन कारणों को सार्वजनिक नहीं करते हैं। उन्होंने बताया कि इसी को देखते हुए संगठन के संरक्षक मंडल ने यह निर्णय लिया कि पुरानी कार्यकारिणी के साथ विवादों में न पड़ते हुए नवीन कार्यकारिणी का गठन किया जाये और बहुमत के आधार पर उस कार्यकारिणी को शून्य करने का काम किया गया है। आज जनपद जाट महासभा की 31 सदस्यीय नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया है।

इसमें धर्मवीर बालियान को अध्यक्ष बनाया गया। दूसरे गुट के लोगों के द्वारा भी मीटिंग कर आरोप लगाने के सवाल पर नये अध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने कहा कि वो अपनी बात रखने को स्वतंत्र है, लेकिन उस कमेटी के द्वारा किये जा रहे कार्यों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए ही संरक्षण मंडल ने बहुत सोच विचार करते हुए निर्णय लिया गया है। अगर इतना बड़ा निर्णय लिया गया है तो कारण भी बहुत होंगे और गंभीर भी होंगे। उन्होंने बताया कि उनकी कमेटी में संरक्षक मंडल ने अध्यक्ष पद का दायित्व उनको सौंपा है, इसके लिए वो समाज के बुजुर्गों के आभारी हैं। नई कमेटी में अमर पाल सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ब्रजवीर सिंह एडवोकेट, विराज तोमर और योगेन्द्र सिंह काला उपाध्यक्ष, ओमकार अहलावत महासचिव, सुन्दरपाल सिंह कोषाध्यक्ष, सुदेश मलिक कार्यालय सचिव, डा. रविन्द्र पंवार संगठन सचिव बनाये गये हैं। इसके अलावा गजेन्द्र सिंह राणा, मनोज राठी, कृष्णपाल निर्वाल, अनुज बालियान और कुलदीप सिवाच सचिव, बिट्टू सिखेडा को प्रेस प्रवक्ता, देवेन्द्र तोमर को कानूनी सलाहकार बनाया गया है। इसके अलावा प्रविन्द दहिया, अक्षय अहलावत, मनोहर राणा, नरेन्द्र पंवार, सुनील चौधरी सहित 14 सामान्य सदस्य बनाये गये हैं।

जगदीश बालियान ने धर्मवीर की कार्यकारिणी को बताया फर्जी


मुजफ्फरनगर। सामाजिक संगठन जाट महासभा में रविवार को पूरी तरह से दो फाड़ होते नजर आये हैं। आपसी मतभेद से जाट महासभा के दो बन गए हैं। जाट महासभा के अध्यक्ष जगदीश बालियान ने रविवार एटूजेड रोड पर स्थित एक वेंकट हॉल में बैठक करते हुए बताया कि कुछ लोगों के द्वारा फर्जी और अवैध रूप से जाट महासभा संगठन बनाया गया है, जबकि संगठन संविधान के द्वारा बनाए गए नियमों के अनुसार चलता है। उन्होंने बताया कि हमारे पास 31 कार्यकारिणी सदस्य मौजूद हैं। सभी एक साथ हैं और समाजहित में काम करते रहेंगे। बता दें कि जाट महासभा संगठन छोड़कर गए कुछ लोगों ने धर्मवीर बालियान को अध्यक्ष चुनकर अलग संगठन बना लिया है।

Similar News