गलत दिशा में आ रहे वाहन को रोकने पर भड़के आरोपी, पुलिस टीम पर हमला कर साथी को छुड़ाने की कोशिश
मुजफ्फरनगर। यातायात चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। गलत दिशा में आ रहे वाहन को रोकने पर आरोपियों ने न केवल अभद्रता की, बल्कि पुलिस पर जानलेवा हमला कर हिरासत में लिए गए साथी को छुड़ाने का प्रयास भी किया। घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जनपद मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पुलिस टीम द्वारा बागोवाली चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक ईको कार (यूपी 12 बीआर 9643) सीएनजी पंप से गैस भरवाने के बाद गलत दिशा में आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक और उसमें बैठे लोगों से पूछताछ शुरू की तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान की प्रक्रिया अपनाई। इसी दौरान कार में बैठा जावेद पुत्र इकराम निवासी मौहल्ला जसवन्तपुरी थाना सिविल लाइन नामक युवक पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगा और अभद्र व्यवहार करने लगा।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने जावेद को हिरासत में लेकर थाने भेजना शुरू किया। जब पुलिसकर्मी उसे लेकर एनएच-58 स्थित रायल फार्म के पास पहुंचे, तभी उसी ईको कार का चालक सावेज मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि जावेद ने चालक को उकसाते हुए पुलिस वाहन में टक्कर मारकर उसे छुड़ाने के लिए कहा। इस पर चालक ने जानबूझकर पुलिस की चीता मोबाइल में टक्कर मार दी। घटना में वाहन चला रहे सिपाही मुनेन्द्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य सिपाही बबलू को मामूली चोटें आईं। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अमित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल पुलिसकर्मी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, हिरासत में लिए गए जावेद को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस को पूछताछ में जावेद ने बताया कि वाहन चालक उसका सगा भाई सावेज है और दोनों सीएनजी पम्प पर जाने के लिए जल्दबाजी में गलत दिशा से आ रहे थे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर दोनों को गुस्सा आ गया, जिसके चलते उन्होंने विवाद और हमला किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों जावेद और सावेज को गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





