शामली कलेक्ट्रेट के निबंधक कार्यालय में एआईजी स्टांप रविंद्र मेहता और उनके सहायक को विजिलेंस ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया
शामली। जनपद शामली कलेक्ट्रेट स्थित निबंधक कार्यालय में मंगलवार को विजिलेंस मेरठ की 12 सदस्यीय टीम ने छापा मारकर एआईजी स्टांप रविंद्र मेहता और उनके सहायक अश्वनी कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई दोपहर बाद सीओ विजिलेंस आजाद सिंह के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार बधेव निवासी एक किसान ने कुछ समय पहले जमीन खरीदी थी। जमीन की जांच कराने के नाम पर उससे एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान किसान ने विजिलेंस मेरठ से शिकायत की थी। तुरंत ऐक्शन लेते हुए विजिलेंस की टीम तीन गाड़ियों में मौके पर पहुंची और ट्रैप लगाकर दोनों अधिकारियों को रिश्वत लेते पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम एआईजी स्टांप और उनके सहायक को आदर्श मंडी थाना लेकर गई, जहां उनसे भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों पर पूछताछ चल रही है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।






