सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चार लोगों को हिरासत में लिया, अन्य आरोपियों की तलाश
मुजफ्फरनगर। जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के गांव अमीरनगर में दुल्हैंडी के दिन दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ग्राम अमीरनगर में दो पक्षों के बीच हुए पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया। बताया गया कि तितावी थाना क्षेत्र के अमीरनगर गांव में किसी बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से ईंट और पत्थर चलने लगे। अचानक हुए पथराव से गांव में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाना तितावी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को पुलिस हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच भी कर रही है ताकि पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। अधिकारियों के अनुसार वीडियो के आधार पर बाकी आरोपियों को चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है और उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फुगाना क्षेत्राधिकारी यतेन्द्र सिंह नागर ने बताया कि अमीरनगर में दो पक्षों के बीच हुए पथराव की वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है। दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है तथा अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गांव में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।






