खतौली। खतौली में पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक तीन वर्षीय बच्ची को महज 30 मिनट में उसके परिजनों से सकुशल मिलवा दिया। बच्ची रोडवेज बस अड्डे के पास अकेली रोती हुई मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित थाना खतौली ले आई।
मामला 12 अप्रैल 2026 का है। पुलिस को डायल-112 पर सूचना मिली कि रोडवेज बस अड्डे के पास एक छोटी बच्ची अकेली घूम रही है और रो रही है। सूचना के बाद पीआरवी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर थाने पहुंची।
रोडवेज बस अड्डे के पास मिली थी बच्ची
पुलिस के अनुसार, बच्ची इतनी छोटी थी कि वह अपने घर और परिवार के बारे में साफ जानकारी नहीं दे पा रही थी। ऐसे में पहले उसे सुरक्षित रखा गया, फिर उसके परिजनों की तलाश शुरू की गई।
इसके बाद मिशन शक्ति टीम की महिला उपनिरीक्षक खुशबू कुमारी, उपनिरीक्षक सूर्यप्रताप सिंह और महिला हेड कांस्टेबल रजनी चौधरी ने बच्ची के परिवार की खोजबीन शुरू की। टीम ने आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई और कम समय में बच्ची के घरवालों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
आधे घंटे में परिजनों का पता लगा
पुलिस की कोशिश रंग लाई और करीब 30 मिनट के भीतर बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया गया। इसके बाद परिवार को थाना बुलाया गया और बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि बच्ची खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गई थी, जिसके बाद वह रास्ता भटक गई। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत जताई और पुलिस टीम का आभार भी व्यक्त किया।






