मामला पति और पत्नी के बीच विवाद तथा गृह क्लेश से जुड़ा बताया जा रहा है। तनाव में ही विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दी
मुजफ्फरनगर। जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सलाखेड़ी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान ज्योति के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज दो वर्ष पूर्व गौरव के साथ हुई थी। विवाहिता का शव फांसी पर कमरे में लटका मिला। घटना के बाद से जहाँ परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गाँव में सन्नाटा और शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्योति ने घर के भीतर अज्ञात कारणों के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना का पता चलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों द्वारा पुलिस को सूचित किए जाने के बाद तितावी थाना प्रभारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया और मृत्यु के सही कारणों का पता लगाने के लिए उसे पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया है।
जाँच के दायरे में हर संभावित पहलू पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने ज्योति और गौरव के परिजनों से भी पूछताछ की। मामला पति और पत्नी के बीच विवाद तथा गृह क्लेश से जुड़ा बताया जा रहा है। तनाव में ही विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दी। इससे परिजनों में कोहराम है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों को एकत्रित किया जा रहा है और यदि परिजनों की ओर से कोई शिकायत दी जाती है, तो उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और समय की पुष्टि हो सके।






