मुजफ्फरनगर शोभायात्रा मार्ग पर सिविल लाइन थाने के पास शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो युवक आपस में भिड़ गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक शराब के नशे में थे। राहत की बात यह रही कि श्री बालाजी शोभायात्रा उस समय तक वहां नहीं पहुंची थी, जिससे बड़ा विवाद खड़ा होने से बच गया।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सोल्जर बोर्ड के पास शोभायात्रा मार्ग पर पहुंचे और वहीं हुड़दंग शुरू कर दिया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों युवक एक-दूसरे पर हमलावर हो गए और सड़क पर ही गुत्थमगुत्था शुरू हो गई।
मारपीट के दौरान दोनों युवकों ने एक-दूसरे के कपड़े तक फाड़ डाले। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। चूंकि यह पूरा मामला उस समय हुआ जब शोभायात्रा वहां तक नहीं पहुंची थी, इसलिए स्थिति और बिगड़ने से पहले पुलिस को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा।
पुलिस पहले दोनों को समझाने में लगी रही। लेकिन जब सड़क पर मारपीट बढ़ी और दोनों को काबू करना मुश्किल होने लगा, तब सिविल लाइन थाना पुलिस सक्रिय हुई और दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। इसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया।






