तरनतारन लॉ कॉलेज में खौफनाक वारदात, छात्रा की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने खुद को भी मारा

तरनतारन। पंजाब के तरनतारन जिले से सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गांव उस्मा स्थित एक लॉ कॉलेज में पढ़ाई के दौरान क्लासरूम के भीतर अचानक गोलियां चलने से अफरा-तफरी मच गई। एक युवक ने कॉलेज की छात्रा को गोली मार दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी।

इस दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाली छात्रा की पहचान संदीप कौर (20) के रूप में हुई है, जो नौशहरा पन्नुआं क्षेत्र की रहने वाली थी। वहीं, आरोपी युवक प्रिंस राज सिंह, गांव मालियां का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी भी उसी कॉलेज में छात्र था।

इसे भी पढ़ें:  लालकिला से चोरी हुए 1.5 करोड़ के स्वर्ण कलश का आरोपी हापुड़ से गिरफ्तार | Delhi Police

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक फायरिंग की आवाज सुनते ही क्लासरूम में मौजूद अन्य छात्राएं घबराकर बाहर की ओर भागीं। आरोपी युवक ने पहले छात्रा के सिर पर गोली चलाई और फिर हथियार को दोबारा लोड कर अपनी कनपटी पर सटाकर ट्रिगर दबा दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई और क्लासरूम में खून फैल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज परिसर को सील कर दिया गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी कॉलेज पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

इसे भी पढ़ें:  पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे राकेश टिकैत, राहत कार्यों में जुटी यूनियन

इस सनसनीखेज घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक युवक हथियार लेकर कॉलेज परिसर और क्लासरूम तक कैसे पहुंच गया। घटना के समय कॉलेज में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी को लेकर भी संदेह जताया जा रहा है।

घटना के बाद छात्रा का शव काफी देर तक क्लासरूम में ही पड़ा रहा, जिससे कॉलेज में दहशत का माहौल बन गया। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद कॉलेज प्रशासन के प्रतिनिधियों का मौके से नदारद रहना भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

इसे भी पढ़ें:  लाल किला धमाका केस में बड़ा खुलासा: 4 दिन पहले खरीदी गई थी i20 कार, सात बार बदले जा चुके हैं मालिक

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और कॉलेज प्रबंधन की भूमिका, सुरक्षा व्यवस्था तथा आरोपी की पृष्ठभूमि की भी गहन पड़ताल की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असल वजह सामने आ पाएगी।

Also Read This