118 नेत्र रोगियों को नि:शुल्क उपचार परामर्श के साथ दवाईयां वितरित, 36 रोगी मोतियाबिंद आॅपरेशन के लिए चयनित
मुजफ्फरनगर। एमजी. पब्लिक स्कूल परिसर में रविवार 22 मार्च, 2026 को नि:शुल्क मासिक नेत्र रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एम.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सतीश चंद गोयल ने किया। प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग द्वारा अतिथियों, चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मियों और उपचार परामर्श लेने आये नेत्र रोगियों का विद्यालय प्रांगण में स्वागत किया गया।
प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने बताया कि प्रत्येक माह के चौथे रविवार को वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय, प्रेमपुरी जनपद मुजफ्फरनगर के सहयोग से विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय हरबंस लाल गोयल एवं स्वर्गीय विमलावती देवी की पुण्य स्मृति में आँखों के नि:शुल्क विराट चिकित्सा कैंप का आयोजन करीब तीन वर्षों से लगातार किया जा रहा है।

मार्च माह के नेत्र शिविर में वरदान नेत्र चिकित्सालय, प्रेमपुरी की वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. स्वाति अग्रवाल के द्वारा रोगियों के नेत्रों का परीक्षण कर उनको उचित उपचार परामर्श के साथ ही नि:शुल्क दवा वितरित की गयी। शिविर में कुल 118 रोगियों को डॉ. स्वाति अग्रवाल द्वारा उचित परामर्श प्रदान करते हुए स्वास्थ्य लाभ दिया गया और 36 रोगियों को मोतियाबिंद के नि:शुल्क आॅपरेशन के लिए चयनित किया गया।
प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने बताया कि विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस नेत्र चिकित्सा शिविर में मोतियाबिंद के लिए चयनित रोगियों का आॅपरेशन भी नि:शुल्क करने की सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। यहां पर पूर्व में चयनित रोगियों को आॅपरेशन के बाद मिले लाभ के अनुभव साझा करने के लिए भी बुलाया गया था। सभी ने शिविर में मिली सुविधा, सेवा और व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस आॅपरेशन के बाद उनके अंधेरे जीवन में रोशनी लौटी है। इनमें शामिल दो महिला रोगियों ने बताया कि उन्होंने अपनी दूसरी आंख में आये मोतियाबिन्द का आॅपरेशन भी इसी शिविर के माध्यम से कराया। इससे पहले इनके द्वारा अपनी पहली आंख का आॅपरेशन कराया गया था, जो सही और सुविधाजनक रहने पर दूसरी बार भी लाभ लिया। सभी ने शिविर आयोजकों और चिकित्सक को साधुवाद दिया।
विद्यालय में आगामी नेत्र चिकित्सा शिविर 26 अपै्रल, 2026 को सुबह 10 बजे से आयोजित किया जायेगा। इस दौरान मुख्य रूप से एम.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सतीश चंद गोयल, एम.जी. पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के उपाध्यक्ष श्री विनीत सिंघल, कोषाध्यक्ष श्री रोहित सिंघल, वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय, प्रेमपुरी के अध्यक्ष श्री शिवचरण दास गर्ग, इंजीनियर अशोक अग्रवाल, सीए अजय अग्रवाल, मुकेश अरोरा और योगेन्द्र जैन मौजूद रहे। शिविर आयोजन में डॉ. स्वाति अग्रवाल के साथ उनके सहयोगी के रूप में मोहिनी प्रजापति, निशा, पूजा, प्रवीण कुमार और आकाश कुमार सहित विद्यालय स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




