मुजफ्फरनगर की 10 निकायों में 34 सभासद नामित, भाजपा का दबदबा और मजबूत

मुजफ्फरनगर व खतौली में 5-5, आठ नगर पंचायतों में 3-3 सभासदों का मनोनयन, चेयमरैन मीनाक्षी स्वरूप के पालिका बोर्ड में भाजपा की स्थिति हुई और सुदृढ़

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के नगरीय निकायों में राज्यपाल द्वारा सभासदों के नामांकन के बाद राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एक लंबे इंतजार के बाद निकायों में सत्ता पक्ष के कोटे से राज्यपाल द्वारा सभासदों के नामांकन को मंजूरी प्रदान कर दी गई। जनपद मुजफ्फरनगर की दो नगरपालिकाओं सहित कुल 10 निकायों में 34 सभासदों की नियुक्ति से जहां इन निकायों में बोर्ड का आकार बढ़ा है, वहीं इन सदनों के संख्याबल में भाजपा का प्रभाव भी और मजबूत हुआ है।

मुजफ्फरनगर जिले की दो नगरपालिका परिषदों और आठ नगर पंचायतों में राज्यपाल द्वारा कुल 34 सभासद नामित किए गए हैं। इनमें नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर और खतौली में 5-5 तथा आठ नगर पंचायतों में 3-3 सभासदों को नामित किया गया है। सभी नामांकन भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं के हुए हैं।

इसे भी पढ़ें:  हाईवे पर पैदल जाते व्यक्ति को वाहन ने कुचला, मौत

इसके पश्चात यदि नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर के बोर्ड में राजनीतिक संख्याबल की बात की जाये तो यहां भाजपा की चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व वाले बोर्ड का कुनबा अब और बढ़ गया है। पहले 55 निर्वाचित सदस्यों वाला बोर्ड अब बढ़कर 60 सभासदों का हो गया है। इसमें भाजपा खेमे के सदस्यों की संख्या अब 35 हो गई है, जो मीनाक्षी स्वरूप के पक्ष में पूर्ण बहुमत का आंकड़ा है।

मुजफ्फरनगर पालिका में पूर्व सभासद अमित की एंट्री, संजीव बालियान खेमा खुश

मुजफ्फरनगर पालिका में राज्यपाल द्वारा नामित सभासदों में अमित कुमार उर्फ बॉबी, अभिजीत गंभीर, रवि पाराशर, अमन तोमर और सचिन सैनी शामिल हैं। अमित बॉबी पूर्व में अंजू अग्रवाल के बोर्ड में भी निर्वाचित सभासद रह चुके हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इन नामांकनों में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी के पैनल से जुड़े लोगों को प्राथमिकता दी गई है। बताया जा रहा है कि जिले के सभी दस निकायों में इसी पैनल के नामों को अंतिम रूप दिया गया है। नगरीय निकायों के मौजूदा बोर्ड का कार्यकाल अभी लगभग दो वर्ष शेष है, ऐसे में सभासदों का यह नामांकन आगामी समय में स्थानीय राजनीति पर नया प्रभाव डाल सकते हैं।

इसे भी पढ़ें:  राष्ट्रीय लोकदल नगर कार्यकारिणी की बैठक में सदस्यता अभियान पर जोर

टाउनहाल के सदन में पहली बार भाजपा इतनी मजबूत

साल 2023 में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने मुजफ्फरनगर पालिका के निर्धारित 55 वार्डों में अपने 44 प्रत्याशी उतारे थे, जिनमें 18 महिलाएं शामिल थीं। इनमें से 24 उम्मीदवारों को जीत मिली थी, जिनमें 8 महिला सभासद भी शामिल हैं।

चुनाव के बाद निर्दलीय सभासद सीमा जैन, अमित पटपटिया, अर्जुन प्रजापति, प्रियांक गुप्ता, अनुज वाल्मीकि और विजय कुमार चिंटू भाजपा में शामिल हो गए थे। ये सभी ऐसे प्रत्याशी थे जिन्होंने भाजपा उम्मीदवारों को सीधी टक्कर देकर जीत दर्ज की थी। निर्दलीय सभासदों के शामिल होने से चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप को पहले ही बोर्ड में पर्याप्त बहुमत मिल चुका था। अब पांच नए सभासदों के नामांकन के बाद भाजपा की स्थिति और अधिक मजबूत हो गई है।

इसे भी पढ़ें:  एसआईआर के लिए बीएलओ का सहयोग करें राजनीतिक दलों के बीएलएः उमेश मिश्रा

खतौली पालिका और नगर पंचायतों में ये भाजपाई बने सभासद

मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली पालिका में अमित कुमार, रजत जैन, सोनिका रहेजा, मनोज सैनी, अजय कुमार और दिमाग सिंह को सभासद नामित किया गया है। इसके अलावा नगर पंचायतों में तीन-तीन सभासद नामित हुए, इनमें पुरकाजी में संजय धीमान, रजत गोयल और बीर सिंह, चरथावल में पंकज कश्यप, प्रशांत त्यागी और मोहित गर्ग, सिसौली में यशपाल बालियार, देवेन्द्र कश्यप और राजन सिंघल, बुढ़ाना में जोगेन्द्र जाटव, विनीत कुमार शर्मा और कुणाल कुमार, शाहपुर में सावंत नामदेव, कपिल सैनी और अभिषेक कुमार, जानसठ में विशु पाल, अंकित सिंघल और सुभाष, मीरापुर में अरूणा शर्मा, अशोक सैनी और अभिषेक चौधरी तथा भोकरहेडी नगर पंचायत में रविन्द्र सिंह वाल्मीकि, संजीव कश्यप और ललित कुमार को सभासद नामित किया गया है।

Also Read This

26 मार्च को प्रशिक्षु आरक्षियों की अंतिम परीक्षा, तैयारियों का निरीक्षण

एसएसपी ने लिया व्यवस्था का जायजा, पुलिस लाइन में सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और पारदर्शिता पर जोर मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में प्रशिक्षु आरक्षियों की अंतिम परीक्षा को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 26 मार्च से प्रस्तावित प्रशिक्षु आरक्षियों की बाह्य विषयों की अंतिम परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था,

Read More »