मुजफ्फरनगर। रामराज थाना क्षेत्र में साधु के वेश में महिला को झांसे में लेकर सम्मोहित करने और कान के सोने के कुंडल चोरी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया कुंडल भी बरामद कर लिया है। घटना 15 फरवरी को आलमपुर नहर पुल के पास हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजनौर निवासी मुन्नी देवी अपने पुत्र के साथ रिश्तेदारी में हस्तिनापुर जा रही थीं। रास्ते में आलमपुर नहर पुल के पास पानी पीने के लिए रुकने पर उन्हें साधु के वेश में एक व्यक्ति मिला। आरोपी ने बातचीत के दौरान महिला को बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में लिया और कथित रूप से सम्मोहित कर उनके कान से सोने के कुंडल उतार लिए। साधु के चले जाने के बाद महिला को इस चोरी का अहसास हुआ तो पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही रामराज थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस टीम ने इस कालनेमि साधु को देवल नहर पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान महिला से चोरी किया गया एक सोने का कुंडल बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबा बलदेवनाथ पुत्र अशोक नाथ निवासी ग्राम महमूदपुर सिकेरा, थाना बहसूमा, मेरठ के रूप में हुई है। वर्तमान में वह विजयनाथ आश्रम थाना हस्तिनापुर, मेरठ में रह रहा था। इस संबंध में थाना रामराज में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में मुख्य रूप से हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल नितेश कुमार तथा कांस्टेबल नितिन कुमार की भूमिका सराहनीय रही।






