मुजफ्फरनगर...पर्यावरण दिवस पर धरती बचाने का संकल्प

केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान और चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने किया वृक्षारोपण। राजकीय इण्टर कॉलेज के मैदान पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, लोगों से सभागिता की अपील

Update: 2022-06-05 10:40 GMT

मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज जनपद भर में राजनेताओं, समाज सेवी संगठनों, गैर सरकार संगठनों, पर्यावरणीय चिंतकों और जनप्रतिनिधियों ने वृक्षारोपण करते हुए पर्यावरण के संरक्षण का आह्नान करते हुए धरती को बचाने का संकल्प ग्रहण किया। इस अवसर पर शहर के राजकीय इण्टर कॉलेज के मैदान पर अलग अलग गई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यहां पर केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान और नगर पालिका परिषद् की चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल के द्वारा वृक्षारोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता करने की अपील की गयी।


रविवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में लोगों ने बढ़ चढ़कर वृक्षारोपण किया और अलग अलग स्थानों पर पौधे रोपित करने के साथ ही उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी ली। इसी कड़ी में आज राजकीय इण्टर कॉलेज के मैदान पर बड़ा आयोजन किया गया। यहां पर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकारण ;एमडीएद्ध के द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां मुख्य अतिथि के रूप में सवेरे मोर्निंग वॉक पर केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान को आमंत्रित किया गया था। यहां पहुंचे केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान का एमडीए सचिव महेन्द्र प्रसाद ने पौधा भेंटकर स्वागत किया।


इस दौरान केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने राजकीय इण्टर कॉलेज के मैदान पर नागरिकों के साथ मिलकर वृक्षारोपण किया। इस कार्य में मंत्री के साथ बच्चों और महिलाओं ने भी उत्साहित होकर पौधे लगाये। वृक्षारोपण के दौरान सभी देशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद डा. संजीव बालियान ने कहा कि पर्यावरण दिवस की इस वर्ष की थीम ओनली वन अर्थ यही संदेश देती है कि भावी पीढ़ियों के सुखद भविष्य के लिए हम पृथ्वी पर हो रहे संकट को रोकने का संकल्प लें, जितनी जरूरत हमें पर्यावरण की है उतनी हीं जरूरत पर्यावरण को हमारी भी है। पर्यावरण का संरक्षण हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधे ही जीवन हैं।


इसके लिए हमें आगे आना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा पेड़ पौधे लगाने का काम करना चाहिए। वृक्षारोपण के बाद केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सचिव महेंद्र प्रसाद से राजकीय इंटर कालेज मैदान में हो रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने बताया कि इस ग्राउंड में और भी विकास कार्य होने हैं, यहां पर बच्चों के खेलने का जो ग्राउंड बनाया गया है, वह छोटा है। इसके साथ ही यहां पर बनाये गये ओपन जिम को भी बड़ा करने की योजना है। जीआईसी ग्राउंड का सौंदर्य करण का कार्य अभी जारी है। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने झूले पर झूल रहे बच्चों के साथ भी कुछ समय बिताया और बच्चों को अपने हाथों से झुलाया। इसके बाद वह मोर्निंग वॉक करते हुए ओपन जिम में पहुंचे और वहां पर नागरिकों के साथ अनेक प्रकार का व्यायाम किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने विश्व पर्यावरण दिवस पर कई लोगों को पेड़ और पौधे भेंट कर पर्यावरण के प्रति जागरुक किया।


इसके साथ ही सवेरे नगरपालिका परिषद् की चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने भी राजकीय इण्टर कॉलेज मैदान पर पहुंचकर वृक्षारोपण किया। यहां पर पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रही स्वयंसेवी संस्था ए ट्रस्ट टूट रेजूवेशन अर्थ एण्ड एनवायरमेंट सिस्टम ;ए ट्रीजद्ध के द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल और उनके प्रति इंजी. अशोक अग्रवाल का संस्था के पदाधिकारियों ने पौधा भेंट कर स्वागत किया। यहां पर संस्था के लोगों के साथ मिलकर अंजू अग्रवाल और अशोक अग्रवाल ने अनेक पेड़ और पौधे रोपित किये।


उन्होंने यहां पर व्यायाम के लिए आने वाले लोगों से भी मुलाकात की और पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने अपने स्तर से सहभागिता करने के साथ ही पर्यावरण की सुरक्षा के लिए संकल्प ग्रहण कराया। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधों की कमी का सीधा असर मानवीय जीवन पर पड़ता है। कोरोना महामारी के दौरान हम ऑक्सीजन की कमी के बड़े संकट से जूझते रहे और न जाने कितने लोगों की जान चल गई। हमें पर्यावरण के अनुकूल माहौल बनाकर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने होंगे ताकि आने वाली पीढ़ी को हम सुन्दर स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें। यह हमारी ही जिम्मेदारी है। हम अपने आसपास हरा भरा वातावरण बनाने के लिए पेड़ लगायें। चेयरपर्सन ने कहा कि पालिका प्रशासन के द्वारा शहर को हरा भरा बनाये रखने के लिए ग्रीन री बनाने का काम किया जा रहा है। मेरा उद्देश्य ग्रीन एण्ड क्लीन सिटी है। इसके लिए नागरिकों को भी अपना सकारात्मक योगदान करना चाहिए।

जमीन की साथ जल और जंगल बचाने की जरूरतः राकेश टिकैत

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत ने आज कहा कि किसानों की जमीन बचाने के साथ ही जल और जंगल बचाने के लिए भी लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस पर कहा कि आज पर्यावरण बचाने के लिए एक संकल्प को धारण करते हुए आगे बढ़ना होगा।


भाकियू नेता चौ. राकेश टिकैत ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कहा कि आज किसानों की खेती पर भी उसी प्रकार का गंभीर खतरा है, जिस प्रकार आज पर्यावरण पर संकट नजर आता है। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ट्वीट करते हुए देश्वासियों, किसानों और मजदूरों को शुभकामना देते हुए कहा कि हम सभी को एक संकल्प लेना होगा। आज के दिन सभी को पर्यावरण बचाओ संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। बातचीत में उन्होंने बताया कि भाकियू काफी समय से जमीन के साथ ही जल और जंगल बचाने की बात करती आ रही है। इसके लिए आंदोलन भी किये हैं। किसान की जमीन के साथ जल और जंगल को बचाने पर भी काम होना चाहिए। आज जंगल को विकास की अंधी दौड़ में खत्म किया जा रहा है। शहरीकरण हावी हो रहा है और पर्यावरण दम तोड़ रहा है। ऐसे में शहरीकरण की आबोहवा भी नदियों को दूषित कर रही है। आज जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए संयुक्त सहभागिता और बड़ी लड़ाई तथा दृढ़ संकल्प की आवश्यकता है। 

Similar News