विकास का मतलब केवल भाजपाः केशव प्रसाद

डिप्टी सीएम बोले-हमारी सरकार ने शुकतीर्थ को उसकी गरिमा और महिमा के अनुरूप विकास देने का काम किया, कहा-मीरापुर के हर बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए वोट डालना होगा

Update: 2024-10-05 10:50 GMT

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को शुकतीर्थ में आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि विकास का मतलब केवल भाजपा ही है। साल 2014 के बाद देश और उत्तर प्रदेश ने विकास के पथ पर कई आयाम स्थापित किये हैं। सपा और बसपा की सरकारों में दरकिनार किये गये ऐतिहासिक शुकतीर्थ को संतों की भावना के अनुरूप गरिमा और महिमा पूर्ण विकास देने का काम हमारी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और यूपी में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने सबका साथ और सबका विकास की भावना को मजबूत किया है। रामलला आ गये, कश्मीर से धारा 370 हटी और अब नक्सलवाद समाप्ति की ओर है। सुरक्षित भविष्य की गारंटी चाहिए तो भाजपा के लिए वोट करने का संकल्प लेकर काम करना होगा।


शुकतीर्थ के पंजाबी आश्रम में आयोजित ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य दण्डी आश्रम परिसर में आयोजित भाजपा युवा सम्मेलन में भी शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने भाषण की शुरूआत करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की विजय यात्रा इसी धरती मुजफ्फरनगर से साल 2014 में शुरू की गई थी और उस दौर में यूपी की 80 में से 73 सीटें भाजपा ने जीती थी। केन्द्र सरकार में मोदी सरकार के गठन के बाद जो विकास यूपी में शुरू होना चाहिए था, उस दौर की सपा सरकार ने नहीं होने दिया था। उस दौर की सपा सरकार को याद करिए, यदि में 2013 के दंगों की याद दिलाऊंगा तो ये सूर्य को दिया दिखाने के समान होगा।

Full View

सपा की सरकार में ये प्रदेश दंगा, गुंडा और अपराधी प्रदेश के रूप में पहचाना जा रहा था। साल 2017 में चुनाव आया तो यूपी की जनता ने यूपी की 325 सीटों पर भाजपा को जिताया और केन्द्र व यूपी में डबल इंजन की सरकार बनाने का काम किया। योगी सरकार ने पहले दिन से ही विकास पर फोकस किया और यूपी में चहुंमुखी विकास का दौर शुरू हो गया था। शुकतीर्थ के विकास के लिए बहुत ही लम्बे समय से मांग की जा रही थी, लेकिन साधु संतों की इस मांग को पूर्ति तब मिली, जबकि जनता ने डबल इंजन की सरकार को सत्ता सौंपी। हमारी सरकार बनी तो शुकतीर्थ को उसकी गरिमा और महिमा के अनुरूप विकास देने का काम किया।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2019 में सपा और बसपा के बड़े गठबंधन के बाद भी यहां की जनता ने 64 सीटों पर भाजपा को जीत दिलाई थी। साल 2022 में यूपी के विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा के प्रति अपना विश्वास कायम रखा और योगी सरकार ने प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाया। उन्होंने साल 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा विपक्ष एकजुट हो रहा था कि यदि केन्द्र में तीसरी बार मोदी जी प्रधानमंत्री बन गये तो भारत विश्व में बड़ी शक्ति बन जायेगा और देश का गरीब अमीर हो जायेगा, इसलिए ही इन्होंने भरसक प्रयास किया, लेकिन जनता ने तीसरी बार मोदी जी को चुना और देश विकास के पथ पर अग्रसर है। पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत का कौशल विकास निखर रहा है और गरीबों का कल्याण हो रहा है। किसान समृ( हो रहा है। चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा काम किया गया है। किसानों को सम्मान निधि में अब तक 36-36 हजार रुपये की सहायता मिल चुकी है। महिला उत्थान के लिए स्वयं सहायता समूहों को बड़ी मदद दी जा रही है। प्रदेश की तीन करोड़ गरीब महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उनको लखपति बनाने का रास्ता खोला है। सपा और बसपा सरकारों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। डिप्टी सीएम केशव ने कहा कि यदि सत्ता में भाजपा की सरकार है तो जनता का भविष्य सुरक्षित है, भाजपा है तो सबका साथ है और सबका विकास है। भाजपा है तो किसानों, नौजवानों और किसानों का उज्जवल भविष्य है। हमारी सरकार ने जनता के हितों के लिए बड़े काम किये हैं।

Full View

डिप्टी सीएम ने कहा कि ये भाजपा की सरकार आपकी समस्या आपके गांव में आपकी चौपाल पर आकर समाधान करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि मीरापुर उपचुनाव का ऐलान होने के साथ ही भाजपा को जिताने का काम करंे। इस चुनाव को गंभीरता से लें और हर बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेकर जायें। यूपी के दस सीटों पर होने वाले उपचुनाव भाजपा ही जीतेगी। आज गांव की महिलाओं को हमारी सरकार ने बैंक सखी, विद्युत सखी के रूप में पहचान दी है। पूरी दुनिया में आज स्वयं सहायता समूहों की बहनों का तैयार किया जाने वाला सामान भेजा जा रहा है। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में पांचवी अर्थव्यवस्था हैं और तीसरी अर्थव्यवस्था बनने के लिए काम हो रहा है।

2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लेकर काम किया जा रहा है। विपक्ष के पास कोई विजन नहीं, गरीब कल्याण, किसान उत्थान और युवाओं के लिए कोई योजना नहीं है। भाजपा देश को विश्वशक्ति बनाने पर योजना बना रही है और यूपी को सशक्त बनाये बिना यह संभव नहीं है। इस धरती के खिलाड़ी दुनिया से पदक जीतकर लाये हैं, ये गौरव का पल है। हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही हैं। मीरापुर में भी भाजपा की जीत के लिए वोटिंग होनी चाहिए। जम्मू कश्मीर से 370 धारा हटी और नक्सलवाद आज देश से समाप्ति की ओर है। रामलला का भव्य मंदिर बन गया है। केवल शुकतीर्थ ही नहीं, प्रदेश और देश के सभी तीर्थस्थलों का विकास हो रहा है। इस दौरान मुख्य रूप से मंत्री अनिल कुमार, मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व मंत्री डॉ. संजीव बालियान, एमएलसी वन्दना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, पूर्व सांसद राजपाल सैनी, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, अनिल प्रमुख मोरना, अमित चौधरी, विनीत कात्यान, प्रदीप सैनी, डॉ. पुरुषोत्तम, सुखविन्द्र सोम, राजीव सिसौदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक सहित भाजपा रालोद के अन्य नेता मौजूद रहे। 

Similar News