बाबरी मस्जिद के नाम पर चंदा मांगने का मामला शनिवार को मेरठ के सदर बाजार में सामने आया, जहां व्यापारियों ने कुछ लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने एटीएस, स्पेशल इंटेलीजेंस और एलआईयू के माध्यम से जांच कराई। सत्यापन सही पाए जाने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। शनिवार को सदर बाजार क्षेत्र में कुछ लोग बाबरी मस्जिद के नाम पर चंदा मांग रहे थे। इस पर स्थानीय व्यापारियों को शक हुआ और उन्होंने सभी को पकड़ लिया। बाद में उन्हें सदर बाजार थाने में सौंप दिया गया।
शुक्रवार को भी पकड़े गए थे करीब 50 लोग
जानकारी के अनुसार, इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी करीब 50 लोगों को इसी तरह चंदा मांगते हुए पकड़ा गया था। उस दिन भी व्यापारियों ने सतर्कता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी थी। लगातार दो दिन ऐसे मामले सामने आने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।
एटीएस और अन्य एजेंसियों ने किया सत्यापन
पुलिस ने पकड़े गए लोगों से एटीएस, स्पेशल इंटेलीजेंस और एलआईयू के माध्यम से पूछताछ कराई। आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के जरिए सभी का सत्यापन किया गया। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि जांच के दौरान सभी का सत्यापन सही पाया गया, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। घटना के बाद सदर बाजार क्षेत्र में पुलिस और व्यापारियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। बाबरी मस्जिद के नाम पर चंदा मांगने की घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है और आगे भी जांच जारी रखेगा।






