अहिल्याबाई होल्कर स्मारक अनावरण के बाद जनसभा में हास्य प्रसंग से गूंजा मंच, शिव चौक का जिक्र बना आकर्षण
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता बताया। इस दौरान उनके भाषण में स्थानीय जनप्रतिनिधि कपिल देव अग्रवाल का कई बार उल्लेख हुआ, वहीं एक हल्के-फुल्के हास्य प्रसंग ने सभा में मौजूद लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
मुजफ्फरनगर शहर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अहिल्याबाई होल्कर स्मारक का अनावरण किया। इसके बाद अस्पताल चौराहे से नुमाइश मैदान स्थित जनसभा स्थल तक जाते समय उन्होंने रास्ते में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल से हुई बातचीत का जिक्र मंच से साझा किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नगर विधायक और यूपी सरकार में कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा, उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल का कई बार नाम लेते हुए स्थानीय विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान दोनों के बीच शहर के प्रमुख स्थलों को लेकर बातचीत हुई। इसी क्रम में शिव चौक से जुड़ा एक हास्य प्रसंग भी उन्होंने जनता के सामने रखा, जिसने माहौल को हल्का कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रास्ते में उन्हें बताया जा रहा था कि यह शिव की मूर्ति है। इस पर उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि यह शिव जी की मूर्ति है और यही शिव चौक भी है। विधायक आप हैं और मुझे बताना पड़ रहा है कि शिव चौक यही है। उनके इस बयान पर जनसभा में मौजूद लोगों ने जोरदार ठहाके लगाए। उन्होंने आगे कहा कि अब जनप्रतिनिधियों का ध्यान नगर निगम और रोडवेज बस स्टैंड जैसे विकास कार्यों की ओर अधिक केंद्रित है, जो शहर के लिए सकारात्मक संकेत है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि विकास और विरासत की इस यात्रा को एनडीए सरकार बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके आगे बढ़ाएगी। जनसभा में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का स्वागत किया और विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार के प्रयासों को सराहा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।






