शहर के शाहबुद्दीनपुर रोड पर हुई घटना, परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
मुजफ्फरनगर। शहर के शाहबुद्दीनपुर रोड क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने परिवार की लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई, और यह गोली उसका सिर भेद गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक युवक जिला पंचायत सदस्य का भतीजा बताया गया है। मामले में लाइसेंसी राइफल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया और जांच शुरू कर दी गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी मोहकल चौहान के घर में राइफल का लाइसेंस है। इसके कारण घर पर ही राइफल रखी रहती है। रविवार को दोपहर के समय मोहकल चौहान का 24 वर्षीय पुत्र आदित्य चौहान घर पर ही मौजूद था। इसी बीच अचानक ही गोली चलने की आवाज ने परिजनों के साथ ही आसपास के लोगों को भी दहशत में डाल दिया। परिजन और पडौसी दौड़े तो देखा कि आदित्य लहुलूहान अवस्था में अपने कमरे में फर्श पर गिरा पड़ा था और उसके पास ही राइफल भी पड़ी थी। ये देखकर परिवार के लोगों की चीख निकल गई और महिलाओं ने चिल्लाना शुरू कर दिया।
परिजन तत्काल ही आदित्य को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां पर चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। आदित्य की मौके पर ही मौत होने की बात कही जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। गोली लगने से युवक की मौत की खबर पर नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा और बाद में सीओ सिटी एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का भी भ्रमण किया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पर भिजवा दिया था।
नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर बबलू सिंह वर्मा ने बताया कि शाहबुद्दीनपुर रोड पर एक युवक की गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसमें घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई है। मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई है। एफएसएसएल की टीम ने भी लाइसेंसी राइफल की जांच की है। इसमें परिजनों के द्वारा बताया गया है कि परिवार के लोग घर पर ही मौजूद थे। अचानक ही मकान के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वहां जाकर देखा तो आदित्य चौहान लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ था। उसको अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि आदित्य लाइसेंसी राइफल की नाल को साफ करने में जुटा हुआ था, इसी बीच टेस्टिंग के दौरान गोली चली और उसके सीने को भेदकर निकल गई। इसी कारण उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर पर वार्ड सभासद भाजपा नेता रजत धीमान भी अस्पताल पहुंचे। बताया गया है कि मामले में मृतक के चाचा जिला पंचायत सदस्य राहुल चौहान ने नगर कोतवाली में तहरीर दी और घटना की जानकारी देते हुए जांच की मांग की है। इसी के चलते मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं राइफल को भी कब्जे में लेकर जांच प्रारम्भ कर दी है। आदित्य के परिवार में कई लाइसेंसी हथियार है, जिनमें से एक ये राइफल भी थी।






