संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
सीसीटीवी फुटेज खंगाली, परिजनों में युवक की मौत से मचा कोहराम, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना तहसील परिसर में सोमवार को एक युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े सरकारी परिसर में शव मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र स्थित तहसील परिसर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि सुबह के समय तहसील में आने-जाने वाले लोगों की नजर अचानक जमीन पर पड़े युवक पर पड़ी। पास जाकर देखने पर युवक के मृत होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक की पहचान कस्बा बुढ़ाना के मौहल्ला सफीपुर पट्टी निवासी शाहरुख (उम्र लगभग 28 वर्ष) पुत्र यासीन के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। परिजनों से भी पुलिस ने युवक के बारे में पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम से मृतक युवक शाहरुख घर नहीं पहुंचा था, उसकी तलाश के लिए रिश्तेदारों से भी सम्पर्क किया गया था, लेकिन उसकी कोई खबर नहीं मिली थी, आज सुबह पुलिस के माध्यम से ही उसका शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
बुढ़ाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के शरीर पर किसी स्पष्ट चोट के निशान की पुष्टि नहीं हो सकी है, जिससे मौत के कारणों को लेकर संदेह बना हुआ है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने तहसील परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि दिन के समय एक युवक का शव मिलना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।



