कांवड़ ड्यूटी से गायब तीन कर्मियों का मीनाक्षी स्वरूप ने रोका वेतन

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के लिए लगातार भ्रमण कर रही हैं। उन्होंने कांवड़ यात्रा के मध्यांतर स्थल शिव चौक पर कांवड़ कंट्रोल रूम और खोया पाया केन्द्र का निरीक्षण किया, यहां ड्यूटी से गायब मिले तीन कर्मचारी के वेतन पर रोक लगाने के साथ ही नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। वहीं कांवड़ यात्रा को अविस्मरणीय बनाने को शिव भक्तों के लिए स्वच्छता के संदेश के साथ सेल्फी प्वाइंट की सुविधा का शुभारंभ भी किया। कई कांवड़ शिविरों में भ्रमण कर कांवड़ियों की सेवा करते हुए व्यवस्था को परखा।

नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने पालिका सभासदों और ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह के साथ शिव चौक पहुंचकर कांवड़ यात्रा के दौरान की जा रही व्यवस्थाओं के साथ ही सफाई कार्य का जायजा भी लिया। उन्होंने कांवड़ कंट्रोल रूम पहुंचकर वहां पर तैनात पालिका कर्मियों की ड्यूटी चैक की, इसमें तीन कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के गायब मिलने पर गहरी नाराजगी प्रकट करते हुए ईओ को वेतन रोकने के निर्देश दिये हैं। मीनाक्षी स्वरूप ने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी व्यवस्था को भी परखा।

इसे भी पढ़ें:  डीएसओ दफ्तर में जाम छलकाने पर डीएम ने बैठाई जांच

पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि पालिका प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम में तीन पारियों में कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, किंतु ड्यूटी पर लगाए गए तीन कर्मचारीकृइमरान (जलकल विभाग), अरुण कुमार (कर विभाग) एवं वसीम अहमद (बीसी, कर विभाग)कृके अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण नियंत्रण कक्ष के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है। सहायक प्रभारी कंट्रोल रूम द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष को अवगत कराया गया कि उक्त तीनों कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने संबंधित कर्मचारियों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने और नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के आदेश जारी किए हैं।

इसे भी पढ़ें:  राजेश हत्याकांड के खुलासे की मांगों को लेकर भीम आर्मी व आसपा ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि पालिका प्रशासन द्वारा पूर्व में ही सभी कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई थी, इसके बावजूद वसीम अहमद द्वारा 11 जुलाई को एक दिन के आकस्मिक अवकाश की सूचना विभागीय व्हाट्सऐप समूह पर भेजी गई, जिसे अनुशासनहीनता माना गया है। पालिका अध्यक्ष ने आदेश में स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि कांवड़ यात्रा को शिव भक्तों के लिए एक अविस्मरणीय पल बनाने के उददेश्य से पहली बार पालिका प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्ग पर सेल्फी प्वाइंट बनाये गये हैं। इसका शुभारंभ शिव चौक से किया गया है। इनके सहारे कांवड़ यात्रा में स्वच्छता का संदेश देकर शिव भक्तों के साथ ही सभी जनसामान्य को भी जागरुक किया जा रहा है। इन सेल्फी प्वाइंट पर शहरवासी भी एक यादगार फोटो ले सकते हैं। शिव चौक के साथ ही अहिल्याबाई होल्कर चौराहा, मीनाक्षी चौक, मेरठ रोड डीएम आवास के समक्ष, कच्ची सड़क पर भी सेल्फी प्वाइंट बनाये जा रहे हैं। इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद मनोज वर्मा, राहुल पंवार, शलभ गुप्ता, ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह आदि मौजूद रहे। 

इसे भी पढ़ें:  महिला शिव भक्त की कांवड़ खंड़ित होने पर पुरकाजी में हंगामा
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *