ईडी के छापे में राणा हाउस से एक करोड़ से अधिक नकदी बरामद

पूर्व विधायक शाहनवाज राणा की कंपनी द्वारा जीएसटी धोखाधड़ी मामले में यूपी और हरियाणा के कई ठिकानों पर छापेमारी

लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लखनऊ जोनल कार्यालय की टीम ने जीएसटी धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद में दो परिसरों से करीब 1.10 करोड़ रुपये की नकदी बरामद कर जब्त की गई। मुजफ्फरनगर में यह कार्रवाई न्यू राणा हाउस से जुड़ी बताई जा रही है।

ईडी अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद में कुल नौ स्थानों तथा हरियाणा के फरीदाबाद में भी तलाशी अभियान चलाया गया। ईडी की यह जांच जाम्बूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स लिमिटेड से जुड़े कथित जीएसटी धोखाधड़ी मामले में चल रही है। जांच एजेंसी का आरोप है कि कंपनी और उससे जुड़े लोगों द्वारा वास्तविक माल की आवाजाही के बिना कथित तौर पर फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल के माध्यम से फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हासिल किया गया और उसे आगे दूसरी संस्थाओं को पास किया गया।

इसे भी पढ़ें:  ईंट भट्टे पर बंधक बनाकर रखे गए श्रमिक परिवारों को कराया बंधन मुक्त

जांच के दौरान अधिकारियों ने कई कथित फर्जी अथवा अस्तित्वहीन संस्थाओं के माध्यम से सर्कुलर ट्रांजेक्शन, लेयर्ड फंडिंग और नकद निकासी किए जाने की जानकारी सामने आने का दावा किया है। जीएसटी अधिकारियों की जांच में करीब 9.63 करोड़ रुपये के फर्जी आईटीसी का लाभ उठाए जाने का पता चलने की बात कही गई है। आरोप है कि इस कथित फर्जीवाड़े के चलते सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया।

इसे भी पढ़ें:  उत्तर प्रदेश में 39 PPS अधिकारियों के तबादले, जानिए किसे कहां भेजा गया

ईडी के मुताबिक, छापेमारी का उद्देश्य कथित अपराध से अर्जित रकम का पता लगाना, इससे लाभान्वित लोगों की पहचान करना तथा फर्जी आईटीसी नेटवर्क से जुड़े दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों को जुटाना था। तलाशी अभियान के दौरान बरामद नकदी और अन्य दस्तावेजों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। ईडी की कार्रवाई के संबंध में संबंधित कंपनी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी। मामले में आगे की जांच जारी है।

इसे भी पढ़ें:  धूमधाम से मना भगवान परशुराम जन्मोत्सव, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
Share This Article