मुजफ्फरनगर-इंस्टाग्राम पर प्यार में फंसी नाबालिग को बुलाकर किया रेप!

प्रेम जाल में फंसाकर नाबालिग को कासगंज से मुजफ्फरनगर बुलाने का आरोप, तीन दिन तक बंधक बना कर रखने की शिकायत

प्रेमपुरी में देर रात तीन युवकों के साथ मिली किशोरी को छोड़ भागे युवक, समाजसेवी शालू सैनी ने बचाया, वन स्टॉप सेंटर में भर्ती

मुजफ्फरनगर। जनपद कासगंज की रहने वाली करीब 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेम जाल में फंसाकर मुजफ्फरनगर बुलाने और यहां तीन दिन तक बंधक बनाकर रखने और उसके साथ रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किशोरी ने एक युवक और उसके दो साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार देर रात प्रेमपुरी क्षेत्र में तीन युवकों के साथ किशोरी के मिलने के बाद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद तीनों युवक किशोरी को छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर समाजसेवी शालू सैनी और गौ सेवक नीशू ने किशोरी को अपने संरक्षण में लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोरी को जिला महिला चिकित्सालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में भर्ती कराया है तथा उसके बयान लेने के बाद परिजनों को सूचना दी गई है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-कांवड़ यात्रा की सुरक्षा में उतरी एटीएस, एसएसपी संग किया फ्लैग मार्च

सूत्रों के द्वारा बताया गया कि खालापार थाना क्षेत्र के मौहल्ला कृष्णापुरी निवासी एक युवक रुद्र वर्मा पुत्र दीपक कुमार की कासगंज निवासी किशोरी से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक ने किशोरी को अपने प्यार और उससे शादी का भरोसा दिलाकर मुजफ्फरनगर बुलाया। किशोरी तीन दिन पहले अपने घर से निकली थी। आरोप है कि युवक उसे प्रेमपुरी स्थित अपने परिचित के मकान में लेकर गया, जहां उसे रखा गया। शुक्रवार देर रात रुद्र और उसके दो दोस्त किशोरी को प्रेमपुरी से कहीं ओर ले जा रहे थे, रास्ते में उसके साथ अश्लील हरकत की गई, इसके विरोध में किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुटी और लोगों ने तीन युवकों को घेरने का प्रयास किया, लेकिन तीनों किशोरी को वहीं छोड़कर फरार हो गए। लोगों ने शालू सैनी को सम्पर्क किया। शालू और नीशू दोनों करीब 12 बजे प्रेमपुरी पहुंचे, जहां लोगों के बीच किशोरी उनको मिली।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-ओवरलोड वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली की शामली रोड पुलिस चौकी से दरोगा मनोज शर्मा भी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। शालू सैनी के अनुसार, सूचना मिलने पर वह नीशू के साथ वहां पहुंचीं और घबराई हुई किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर कृष्णापुरी स्थित आश्रम पहुंचीं। वहां किशोरी को सुरक्षा दी गई और पुलिस को सूचना दी गई। दरोगा मनोज शर्मा ने आश्रम पहुंचकर किशोरी से बातचीत की और उसके बयान लिए। किशोरी ने युवक पर उसे प्रेम जाल में फंसाकर मुजफ्फरनगर बुलाने, बंधक बनाकर रखने और यौन अपराध करने के आरोप लगाए है। पुलिस को दिए बयान में किशोरी के अनुसार, उसे वहां अपनी इच्छा के विरुद्ध रखा गया और उसके साथ यौन अपराध किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि युवक के कुछ अन्य परिचित भी वहां आए थे। हालांकि पुलिस की ओर से अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और किशोरी के परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  पालिका ने शेल्टर होम को कराया कब्जामुक्त, तीन साल बाद वापस मिला भवन

पुलिस ने रात करीब एक बजे किशोरी को जिला महिला चिकित्सालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया। वहां उसकी सुरक्षा और आवश्यक देखभाल की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने कासगंज में उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। बताया गया है कि किशोरी के पिता कासगंज में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोरी के बयान, चिकित्सकीय जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। नाबालिग होने के कारण पुलिस मामले में बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई कर रही है। मुजफ्फरनगर जिले में इससे पहले रामलीला टिल्ला और छपार क्षेत्र में भी नाबालिग से दुष्कर्म के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में प्रेमपुरी की इस घटना को लेकर भी क्षेत्र में चर्चा है। फिलहाल किशोरी वन स्टॉप सेंटर में पुलिस की निगरानी में है और पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

Share This Article