सपा के पहले जिलाध्यक्ष चौधरी हरिराम अस्वस्थ, राजकुमार यादव ने की मुलाकात

चौधरी हरिराम के आवास पर पहुंचे सपा नेता, स्वास्थ्य का जाना हाल, चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से रहे प्रभावित, मुलायम सिंह यादव के मिशन को बढ़ाया आगे

मुजफ्फरनगर। पुराने समाजवादी नेता और समाजवादी पार्टी के पहले जिलाध्यक्ष रहे चौधरी हरिराम इन दिनों गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रहे हैं। उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री राजकुमार यादव, पूर्व सांसद राजपाल सैनी के पुत्र शिवान सिंह सैनी सहित कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचे। नेताओं ने चौधरी हरिराम से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा परिजनों से भी उनकी स्थिति के बारे में बातचीत की। इस दौरान उनके लंबे राजनीतिक सफर और समाजवादी आंदोलन में योगदान को भी याद किया गया।

इसे भी पढ़ें:  मां-बेटे की धारदार हथियार से हत्या, घर में खून से लथपथ मिला शव

पूर्व मंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि चौधरी हरिराम चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से प्रभावित होकर राजनीति में आए थे। बाद में वह मुलायम सिंह यादव के करीबी सहयोगियों में शामिल रहे। उन्होंने बीकेडी और जनता दल के दौर में जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय राजनीति की और संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। इन दलों में जिलाध्यक्ष सहित कई प्रमुख पदों पर रहते हुए उन्होंने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पहचान बनाई।

एक कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और पूर्व राज्यपाल चौधरी वीरेन्द्र सिंह के साथ चौधरी हरिराम।

राजकुमार यादव ने बताया कि साल 1992 में जब वो मुलायम सिंह यादव से मिले तो वहीं पर चौधरी हरिराम से भी उनकी मुलाकात हुई थी। बीकेडी और जनता के दौर के बाद मुलायम सिंह यादव द्वारा समाजवादी पार्टी के गठन के बाद चौधरी हरिराम को मुजफ्फरनगर में पार्टी का पहला जिलाध्यक्ष बनाया गया था। वो बीकेडी और जनता दल में भी जिला संगठन की कमान संभाल रहे थे। सपा संगठन की शुरुआती दौर की चुनौतियों के बीच उन्होंने जिले में समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और पार्टी संगठन को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके राजनीतिक जीवन को जिले में समाजवादी आंदोलन के शुरुआती दौर से जोड़कर देखा जाता है।

इसे भी पढ़ें:  पुरकाजी में सरकारी इंटर कॉलेज बनकर रहेगाः चेयरमैन जहीर फारूकी ने उठाया एक नया कदम

पूर्व मंत्री राजकुमार यादव के साथ चौधरी हरिराम के आवास पर पहुंचे लोगों ने उनके पुत्रों चौधरी राकेश और चौधरी मुकेश से भी स्वास्थ्य की जानकारी ली। सभी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक मनफूल सिंह के पुत्र मनोज कुमार जयंत उर्फ मनु, ब्रह्मपाल सिंह बालियान, वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञान कुमार, सुनील जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने चौधरी हरिराम के साथ बिताए राजनीतिक दौर और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को भी याद किया।

इसे भी पढ़ें:  तमंचे से फायरिंग कर बनाया था वीडियो, युवक गिरफ्तार
Share This Article