इंडिगो फ्लाइट में बम की सूचना, दिल्ली–बागडोगरा विमान की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ। इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में बम की सूचना मिलने से रविवार सुबह हड़कंप मच गया। दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6650 को एहतियातन लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के सुरक्षित उतरते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 8:46 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान में बम होने की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत विमान को लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया, जहां यह सुबह 9:17 बजे सुरक्षित लैंड हुआ। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया और विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया।

इसे भी पढ़ें:  शेख हसीना को ट्रिब्यूनल ने ठहराया मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी, सुनाई मौत की सजा

बाथरूम में मिला धमकी भरा संदेश

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान के बाथरूम में एक नैपकिन पर धमकी भरा संदेश लिखा मिला, जिसमें लिखा था— “प्लेन में बम है।” एक यात्री की नजर इस संदेश पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत क्रू मेंबर को इसकी जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट और एयरलाइन ने तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत निर्णय लिया।

इसे भी पढ़ें:  दरगाह में लाइसेंस अनिवार्यता पर विवाद गरमाया, यह तुगलकी फरमान नहीं मानेंगे: सरवर

बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान के पहुंचते ही बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। बम स्क्वॉड द्वारा विमान के अंदर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। साथ ही अन्य एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।

विमान में सवार थे 238 लोग

बताया गया कि फ्लाइट में 230 यात्री, 6 क्रू मेंबर और 2 पायलट समेत कुल 238 लोग सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घटना के बाद लखनऊ एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

इसे भी पढ़ें:  इंडिगो संकट के बीच सरकार सख्त, एयरलाइंस को किराया सीमा से ज्यादा वसूली पर चेतावनी

फिलहाल जांच एजेंसियां धमकी की सत्यता और इसके पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Share This Article