MUZAFFARNAGAR-पीआरडी स्वयं सेवक ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान खुद एक सार्वजनिक मंच पर यह स्वीकार कर चुके हैं कि उनकी पार्टी की यूपी सरकार के कार्यकाल में अफसर शाही इस कदर हावी हुई है कि अफसर किसी भी काम को सुनने के लिए तैयार नहीं है, उन्होंने व्यवस्था भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने के आरोप भी लगाये और अफसरों को कंट्रोल करने की सीख भी योगी सरकार को दे दी। इसके अगले ही दिन एक पीआरडी स्वयं सेवक को विभागीय भ्रष्टाचार की शिकायत लेकर वर्दी पहनकर डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए देखा गया। इस पीआरडी जवान ने जिलाधिकारी के नाम दिये प्रार्थना पत्र में अपने ही कमांडेंट और विभागीय बाबू पर बिना रिश्वत लिये ड्यूटी नहीं लगाने के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।

सदर ब्लॉक क्षेत्र के गांव मेघाखेड़ी निवासी समुन्द्र पाल पुत्र मेहरचन्द पीआरडी स्वयं सेवक है। सोमवार को समुन्द्र पाल अपनी वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचा और डीएम दफ्तर के पास विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। हाथों में डीएम के नाम का प्रार्थना पत्र लिये पीआरडी समुन्द्र पाल ने कई गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि विभागीय कमांडेंट सचिन कुमार और विभागीय बाबू यशपाल बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। बिना पैसे लिये वो किसी भी स्वयं सेवक की ड्यूटी नहीं लगाते हैं, जो इनके मन की मुराद पूरी कर देता है उसको मनचाही ड्यूटी और स्थान उपलब्ध कराया जाता है, जो पैसा देने में असमर्थता व्यक्त करता है उस स्वयं सेवक की ड्यूटी 35 किलोमीटर दूर लगा दी जाती है। उसको अन्य तरीकों से भी परेशान किया जाता है। समुन्द्र पाल ने आरोप लगाया कि जब उसने आवाज उठाई और विरोध किया तो उसको भी प्रताड़ित किया गया और उसको पागल घोषित करने की साजिश भी रची गई। पीआरडी स्वंय सेवक ने जिलाधिकारी से विभागीय भ्रष्टाचार के मामले में जांच कराकर कार्यवाही करने की मांग की है। 

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-वेयर हाउस से निकली ईवीएम का डीएम ने फुल सिक्योरिटी मूवमेंट
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *