हादसे के बाद कार चालक हुआ फरार, पुलिस को मौके से मिली कार की टूटी नम्बर प्लेट
मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार की लापरवाही ने मां-बेटे को शिकार बना लिया, जिसमें मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

घटना भोपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगनहर कांवड़ मार्ग पर भोपा और बेलड़ा गांव के बीच हुई। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव कम्हेड़ा निवासी सुमन अपने बेटे हिमांशु पुत्र आजादबीर के साथ मोरना कस्बे में फाइनेंस से संबंधित कार्य निपटाने गई थीं। शुक्रवार सुबह कार्य समाप्त करने के बाद दोनों मां-बेटे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जब वे गंगनहर कांवड़ मार्ग पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हिमांशु गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही भोपा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हिमांशु को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। भोपा थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि दुर्घटनास्थल से कार की टूटी हुई नंबर प्लेट बरामद की गई है। उसी के आधार पर वाहन और उसके चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद मृतका के गांव कम्हेड़ा में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और ग्रामीण सूचना मिलने पर सीएचसी भोपा पहुंचे। मृतका के शव का पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






