भाकियू नेता और सपा सांसद भी परिजनों के बीच पहुंचे, अफसरों ने दिया 22.50 लाख मुआवजा और नौकरी का आश्वासन
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मोलाहेड़ी निवासी सोनू कुमार की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। सोनू कुमार बेगराजपुर बिजली घर में संविदा पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। घटना के बाद परिजनों ने भारी हंगामा किया, ग्रामीणों ने मृतक के लिए मुआवजा दिये जाने की मांग की। पुलिस अफसरों ने मौके पर जाकर समझाया, सांसद हरेन्द्र मलिक भी लोगों के बीच पहुंचे।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम सोनू कुमार पुत्र हरेंद्र शटडाउन लेकर गांव जड़ौदा में हाई वोल्टेज लाइन पर चढ़कर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ जाने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण उसे तुरंत बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों के साथ भारतीय किसान यूनियन के जिला महासचिव अहसान त्यागी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मौके पर भारी हंगामा किया, वहीं भाकियू नेता अहसान ने ग्रामीणों के साथ मिलकर विद्युत विभाग के आलाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। सूचना पर सीओ खतौली रामाशीष यादव व थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया। बाद में सपा सांसद हरेंद्र मलिक भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
काफी देर चली गहमागहमी के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों की ओर से पुलिस अफसरों और सपा सांसद की मौजूदगी मे परिजनों को लिखित में आश्वासन दिया गया कि मृतक का बीमा कराया गया था, जिसके तहत 10 लाख रुपये बीमा कंपनी द्वारा दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्लेम एवं विभागीय सहायता मिलाकर कुल 22.50 लाख रुपये की आर्थिक मदद परिजनों को दी जाएगी। साथ ही संविदा पर मृतक के आश्रित को नौकरी भी प्रदान की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कराई जाएगी, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।






