एसआईआर अभियान के तहत पटेलनगर में पांच दिवसीय विशेष मतदाता शिविर का शुभारंभ

रामलीला ग्राउंड, पटेलनगर में नई मंडी क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन भाग संख्या 244 से 267 तक 24 पोलिंग बूथों में पंजीकृत मतदाताओं की जनसुनवाई की व्यवस्था की गई

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई सुनवाई व्यवस्था लागू की है। इसी क्रम में पटेलनगर स्थित श्री आदर्श रामलीला भवन परिसर में पांच दिवसीय विशेष शिविर की शुरुआत की गई है।

युवा भाजपा नेता एवं सभासदपति विकल्प जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार से श्री आदर्श रामलीला भवन सेवा समिति, पटेलनगर भवन परिसर में निर्वाचन आयोग के एसआईआर अभियान के तहत पांच दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया है। यह शिविर विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के अंतर्गत विधानसभा-14 मुजफ्फरनगर के नौ मैपिंग वाले मतदाताओं की सुनवाई के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में चिन्हित सुनवाई स्थलों में परिवर्तन करते हुए नवीन सुनवाई स्थलों का सृजन किया गया है। इस नई व्यवस्था के अनुसार सभी संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अवगत कराते हुए दिनांक 06 फरवरी 2026 से नवीन सुनवाई स्थलों पर सुनवाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

इसे भी पढ़ें:  देवबंद में UGC के नए कानून के खिलाफ प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

बताया कि मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के कुल 370 पोलिंग बूथों के लिए 31 सुनवाई स्थल सृजित किए गए हैं, जहां एईआरओ के नेतृत्व में सभी बीएलओ को तैनात किया गया है। इनमें नई मण्डी क्षेत्र के 24 पोलिंग बूथों के मतदाताओं को चार ईआरओ के अधनी जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय परिसर में सुनवाई के लिए नोटिस दिए गए थे, इन चारों को रामलीला पटेलनगर में स्थानांतरित किया गया है। यह विशेष शिविर पांच दिनों तक संचालित किया जाएगा, हालांकि रविवार को अवकाश के कारण शिविर का आयोजन नहीं होगा। शिविर के दौरान एसआईआर अभियान के अंतर्गत नौ मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई करते हुए उनसे आवश्यक साक्ष्य लिए जा रहे हैं तथा पात्र पाए जाने पर उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जा रहे हैं। इसके साथ ही शिविर स्थल पर नए मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6, संशोधन व अन्य आवश्यक बदलावों के लिए संबंधित फार्म भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। शिविर में आने वाले नागरिकों का समिति के पदाधिकारियों एवं भाजपा नेताओं द्वारा मार्गदर्शन किया गया तथा कई मतदाताओं के लिए ऑनलाइन फार्म भी भरवाए गए।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-जेएस एनवायरो के कर्मियों संग मारपीट में सात पर मुकदमा

विकल्प जैन ने बताया कि रामलीला ग्राउंड, पटेलनगर में नई मंडी क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन भाग संख्या 244 से 267 तक 24 पोलिंग बूथों में पंजीकृत मतदाताओं की जनसुनवाई की व्यवस्था की गई है। यहां एईआरओ के रूप में संजय सिसौदिया, सजल कुमार, संजय कुमार एवं अजय कुमार ने क्षेत्र के सभी बीएलओ के साथ मिलकर मतदाताओं के नोटिसों की सुनवाई की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के मुख्य प्रबंधक अनिल ऐरन, भाजपा नेता जितेन्द्र कुच्छल, विकल्प जैन, डॉ. अशोक कुमार, दिनेश जैन, सुरेन्द्र मंगल, राजेन्द्र गर्ग, शलभ अग्रवाल, अंकुर गुप्ता, विपिन जैन सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी उपस्थित रहकर मतदाताओं को सहयोग प्रदान किया।

इसे भी पढ़ें:  जातिगत आधार वाले विवादित बयान पर सपा नेता भाटी पर मुकदमा
Share This Article