स्वच्छता को दिनचर्या बनायें, नागरिक, समझें अपनी जिम्मेदारीः मीनाक्षी स्वरूप

गांधी-शास्त्री जयंती पर पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने महापुरुषों को किया नमन, लोगों को दिया स्वच्छता का प्रेरक संदेश

मुजफ्फरनगर। गांधी जयंती के अवसर पर गुरुवार को नगर पालिका परिषद, मुज़फ्फरनगर द्वारा दो भिन्न स्थलों पर प्रेरक एवं जन-जागरणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिसर में आयोजित ध्वजारोहण एवं स्वच्छता रैली के माध्यम से जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों और स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया, वहीं नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं को आत्मनिर्भरता, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। दोनों ही कार्यक्रमों में पालिकाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप की सक्रिय सहभागिता और उनके ओजस्वी उद्बोधनों ने उपस्थित जनसमूह और छात्राओं को गहरी प्रेरणा दी।
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद मुख्यालय टाउनहाल के परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर पालिकाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप द्वारा ध्वजारोहण के पश्चात पालिका सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सादगी, सत्य और अहिंसा का प्रतीक है। इसी प्रकार पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। आज हमें इन महापुरुषों के जीवन दर्शन को न केवल समझना है, बल्कि अपने आचरण में उतारना भी है। यही हमारी ओर से उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके उपरांत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर चलाये जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत पालिका प्रशासन के द्वारा एक जागरूकता रैली नगर पालिका परिसर से शिव चौक तक निकाली गई। रैली का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने महिला सभासदों बबीता उर्फ बॉबी सिंह, कुसुमलता पाल, सुनीता अंबेडकर, रितु त्यागी के साथ किया। रैली में पालिका अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह के साथ ही बड़ी संख्या में पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों, नागरिकों और बच्चों ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से पालिकाध्यक्ष ने नगरवासियों को स्वच्छता अपनाने, प्लास्टिक का बहिष्कार करने और साफ-सुथरे वातावरण को बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर लोगों को स्वच्छता का संदेश देते हुए पालिकाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि स्वच्छ भारत सिर्फ एक योजना नहीं, यह एक जनआंदोलन है। जब हर नागरिक खुद को सफाई का जिम्मेदार समझेगा, तभी सच्चा बदलाव आएगा। उन्होंने प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता को दिनचर्या बनाते हुए स्वच्छता श्रमदान के प्रति भी प्रेरित किया। यह रैली शिव चौक पर जाकर सम्पन्न हुई।
इसके साथ ही नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में भी गांधी जयंती के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नगर पालिकाध्यक्ष और विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आरंभ गांधी और शास्त्री जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया। यहां पहुंचने पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमित्रा सिंह ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। आप सभी आने वाले भारत की निर्माता हैं। पढ़ाई को अपना हथियार बनाएं और आत्मनिर्भरता को अपना लक्ष्य। उन्होंने छात्राओं को महात्मा गांधी के विचारों का अनुसरण करने और सत्य, अहिंसा, सहनशीलता जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भाषण प्रतियोगिताओं ने गांधीजी के आदर्शों को जीवंत किया। अध्यापकगण, अभिभावक और सभासदों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य रूप से सभासद कुसुमलता पाल, रितु त्यागी, बबीता उर्फ बॉबी सिंह, सुनीता अंबेडकर, देवेश कौशिक, प्रमोद अंबेडकर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, सीएसएफआई योगेश गोलियान, लिपिक एसबीएम रूचि शर्मा आदि शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई कार, दो युवकों की मौत
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *