मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर और स्विफ्ट कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए, जबकि स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत कई लोग घायल हुए हैं।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक टक्कर बहुत तेज थी। आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग तुरंत सड़क की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सबसे ज्यादा नुकसान स्विफ्ट कार और ट्रैक्टर को हुआ।
बताया जा रहा है कि कार में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनके अलावा ट्रैक्टर चालक भी घायल हुआ। फिलहाल सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। बताया गया है कि सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।






