चरथावल क्षेत्र में रविवार को हुई दुर्घटना में हुआ था गंभीर रूप से घायल, मीडिया जगत में शोक, परिवार में कोहराम
मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में घायल पत्रकार जयवीर सैनी का मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनकी मृत्यु की सूचना मिलते ही क्षेत्र और मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
यह हादसा चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर मोड़ पर रविवार की देर रात हुआ था। इसमें कई बाइकें आपस में टकरा गईं, जिससे चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों में ग्राम हैबतपुर निवासी जयवीर सैनी भी शामिल थे। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया था। गंभीर हालत को देखते हुए पत्रकार जयवीर सैनी को मेरठ रैफर कर दिया था। परिजनों ने उसको लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया था, वहीं उपचार के दौरान सोमवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। जयवीर सैनी लंबे समय से पत्रकारिता जगत में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। जयवीर सैनी के निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उनकी असामयिक मृत्यु से स्थानीय मीडिया जगत में भी दुख का माहौल है। वहीं परिजनों में कोहराम का आलम बना रहा।






