मुजफ्फरनगर-एसआईआर अभियान में लापरवाही कर रहे बीएलओ

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में प्रशासन ने मांगा सभासदों का सहयोग, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने टाउनहाल में ली बैठक

मुजफ्फरनगर। जनपद में विधानसभा मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद के सभासदों के साथ प्रशासन ने गुरूवार को टाउनहाल स्थित सभाकक्ष में बैठक की। बैठक की अध्यक्षता सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने की। उन्होंने अभियान में सभी सभासदों से सहयोग की अपील की, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा सकें और किसी का नाम छूटने न पाए।

इसे भी पढ़ें:  वेतन से वंचित 397 आउटसोर्स सफाई कर्मियों का टाउनहाल में हंगामा

बैठक के दौरान कई सभासदों ने शिकायत की कि ब्लॉक लेवल ऑफिसर (बीएलओ) नियमानुसार कार्य नहीं कर रहे हैं। उनका कहना था कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने की बजाय नाम मात्र का कार्य कर रहे हैं, जिससे नए मतदाताओं के नाम जुड़ने में दिक्कत आ रही है। सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में बीएलओ लोगों से संपर्क तक नहीं कर रहे, जिससे जनता में असंतोष है। इन शिकायतों पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने सभासदों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है, और इसमें किसी प्रकार की त्रुटि नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभासदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में जनता को जागरूक करें, पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें तथा बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।

इसे भी पढ़ें:  मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी शातिर बदमाश घायल, दो घटना खुली

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि पात्र व्यक्ति का नाम सूची से छूटना या अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल होना, दोनों ही स्थितियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए अनुचित हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने मताधिकार के प्रति सजग रहे और मतदाता सूची में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। बैठक में नगरपालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी (ईओ) डॉ. प्रज्ञा भी मौजूद रहीं। उन्होंने सभासदों से कहा कि प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। इस दौरान मुख्य रूप से सभासद कुसुमलता पाल, योगेश मित्तल, अमित पटपटिया, शौकत अंसारी, इरशाद हकीम, नवनीत गुप्ता, मौहम्मद खालिद, उमरदराज, अब्दुल सत्तार, देवेश कौशिक, बॉबी सिंह, ममता बालियान, मौहम्मद आदिल, नौशाद खां, प्रशांत गौतम, विजय कुमार चिंटू, प्रियांक गुप्ता, मोहित मलिक के अलावा सभासद पति नदीम खां, हसीब राणा, गुलरेज, शाहिद आलम, सुन्दर सिंह, प्रमोद अम्बेडकर आदि मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  श्री आदर्श रामलीला पटेलनगर में भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन
Share This Article