मायके में रह रही युवती ने पिता, भाई, चाचा पर लगाया जबरन ससुराल भेजने का आरोप, पति के साथ मिलकर की गई मारपीट
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में पारिवारिक विवाद ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब एक युवती ने अपने ही परिजनों और पति के खिलाफ थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करा दिया। यह मामला रिश्तों के टूटते भरोसे और सामाजिक दबाव के बीच महिला की स्वतंत्र इच्छा के सवाल को उजागर करता है। इस युवती की शिकायत पर पुलिस ने रालोद नेता उसके चाचा, पिता और भाई सहित चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारम्भ कर दी है।
शहर के खालापार थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक मान्यताओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पति से विवाद के चलते मायके में रह रही एक युवती ने अपने पिता, चाचा, भाई और पति के खिलाफ खुली बगावत कर डाली और थाने पहुंचकर शिकायत करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। मामले की पीड़िता सुहाना पत्नी फैज अहमद, निवासी खादरवाला 40 फुटा रोड, का आरोप है कि पति के साथ उसका विवाद चल रहा है, वो इसके लिए अपने मायके खारदवाला में ही रहने आई हुई है। वो अपने पति के साथ ससुराल नहीं जाना चाहती, लेकिन उसके पिता, भाई और अन्य परिजन लगातार दबाव बना रहे हैं।
सुहाना ने पुलिस को बताया कि 22 मार्च 2026 की रात उसके पति फैज अहमद उसके घर पर उसको लिवाने आये थे, लेकिन वो जाने से साफ इंकार कर चुकी थी। ऐसे में उसके पिता फहीम आढती पुत्र सलीम अहमद, चाचा गुलरेज उर्फ राजू और भाई जैद अहमद ने मिलकर उस पर ससुराल जाने का दबाव बनाया। युवती का कहना है कि वह अपने पति के साथ किसी भी स्थिति में वापस नहीं जाना चाहती, लेकिन परिजन उसे जबरन भेजने पर अड़े हुए थे। शिकायत के अनुसार, रात करीब 11 बजे पति फैज मायके पहुंचा, जहां सभी आरोपियों ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौच की और मारपीट की। युवती ने आरोप लगाया कि उसे धमकी दी गई कि यदि वह तुरंत पति के साथ नहीं गई तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
घटना से भयभीत होकर युवती सीधे थाने पहुंची और लिखित तहरीर देकर सभी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस प्रकरण की एक और खास बात यह है कि युवती के चाचा गुलरेज आढती राष्ट्रीय लोकदल से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि पिता समाजवादी पार्टी में सक्रिय रहे हैं। गुलरेज की पत्नी नरगिस नगरपालिका परिषद् में सभासद हैं। राजनीतिक पृष्ठभूमि के कारण यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। खालापार थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक मामलों में महिला की इच्छा और अधिकारों को लेकर बहस को तेज कर दिया है।






