मुजफ्फरनगर। राकेश टिकैत को ओड़िसा में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आते ही मुजफ्फरनगर में माहौल गरमा गया। जानकारी मिलते ही भाकियू कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और जिले के कई थानों पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया।
बताया गया कि राकेश टिकैत भुवनेश्वर में आयोजित किसानों के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी ओड़िसा पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। सोमवार शाम करीब पौने पांच बजे यह सूचना मिलते ही सिसौली स्थित किसान भवन में भाकियू पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई, जिसमें थानों के घेराव का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत के पुत्र गौरव टिकैत ने कार्यकर्ताओं के साथ भौराकलां थाने में दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। इसके साथ ही खतौली, जानसठ, बुढ़ाना, चरथावल, पुरकाजी, छपार, तितावी और भोपा समेत जिले के लगभग सभी थानों पर कार्यकर्ता पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उधर, भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने एक्स पर पोस्ट कर कार्यकर्ताओं को अलर्ट मोड में रहने का संदेश दिया। उन्होंने लिखा कि अगला कदम हाईवे होगा, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि जल्द ही नेशनल हाईवे पर भी धरना प्रदर्शन किया जा सकता है।
भाकियू के इस अचानक आंदोलन से पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है और हालात पर नजर बनाए हुए है।






