नाले की सिल्ट उठाने गई पालिका सफाई टीम से गाली गलौच, वाहनों पर किया पथराव, दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। शहर के सूजडू क्षेत्र में नगरपालिका परिषद की सफाई टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नाले की सफाई के दौरान पहुंचे कर्मचारियों के साथ अभद्रता, मारपीट और वाहनों पर पथराव किया गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूजडू स्थित रतन मार्किट में नगरपालिका परिषद की ओर से नाले की सफाई और निकली सिल्ट को उठाने के लिए गुरूवार को वाहनों के साथ कर्मचारियों की टीम भेजी गई थी। टीम में तीन आउटसोर्स सफाई कर्मचारी शामिल थे, जो एक बुल और दो डंपर लेकर मौके पर सिल्ट सफाई का कार्य कर रहे थे। कार्य के दौरान दो युवक वहां पहुंचे और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर दी और वाहनों पर पत्थर फेंके। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पालिका के सीएसएफआई योगेश कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों और पालिकाध्यक्ष को पूरे मामले से अवगत कराया गया। पीड़ित सफाई कर्मचारी चालक मतलूब पुत्र याकूब निवासी गांव खेडी फिरोजाबाद थाना ककरौली ने खालापार थाने में तहरीर देकर बताया कि वह टीम के साथ सूजडू में सिल्ट उठाने का कार्य कर रहा था, तभी दो युवक आए और बिना किसी कारण गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। आरोपियों ने रास्ते में पड़ी ईंटों से हमला किया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। खालापार थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।





