सड़क हादसे में युवक की मौत, 14 दिन बाद अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

पिता की दवाई लेने पैदल रामपुर तिराहा जा रहा था युवक, बामनहेड़ी पुल के पास तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

मुजफ्फरनगर। जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में 14 दिन बाद परिजनों ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बेटे की मौत से सदमे में रहे परिवार ने तेरहवीं के बाद थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  ई-कार्ट लॉजिस्टिक्स कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की उठाई मांग

शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बामनहेड़ी निवासी सतीश कुमार पुत्र इन्द्राज सिंह उर्फ काला ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र अनिल कुमार 6 मार्च 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे घर से रामपुर तिराहे की ओर उनकी दवाई लेने पैदल जा रहा था। जब वह बामनहेड़ी पुल के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनके पुत्र अनिल कुमार के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इसे भी पढ़ें:  शिव चौक विवाद पर बेगराजपुर में कांवड़ियों का धरना, घंटों चला हंगामा

घटना के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों, जिनमें सत्यवीर सिंह और उदय सिंह शामिल थे, ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना उनको दी थी। बाद में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बाइक का नंबर यूपी12एसी1772 बताया। पिता ने यह नम्बर पुलिस को उपलब्ध कराया। पिता ने अपनी तहरीर में कहा कि बेटे की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में था, जिसके चलते तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं कराया जा सका। अब तेरहवीं के बाद पिता ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा ने बताया कि हादसे के सम्बंध में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-थाने में घुसकर दो बहनों ने महिला सिपाहियों को पीटा, वर्दी फाड़ी
Share This Article