शिफ्ट इंचार्ज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पहले भी टोल मैनेजर की हो चुकी है हत्या, अनहोनी की आशंका से दहशत बनी
मुजफ्फरनगर। छपार टोल प्लाजा पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पहुंचे कर्मचारी को देरी से ड्यूटी पर आने के करण रोकना शिफ्ट इंचार्ज को भारी पड़ गया। आरोप है कि ड्यूटी से मना करने पर कर्मचारी ने पहले गाली-गलौज की और बाद में फोन कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर के छपार टोल प्लाजा पर कार्यरत शिफ्ट इंचार्ज शिव किशोर यादव ने छपार थाने में दी तहरीर में बताया कि 9 मार्च 2026 की रात 4 से 12 बजे की शिफ्ट में विकास कुमार पुत्र प्रभात कुमार निवासी ग्राम मोघपुर पोस्ट मंसूरपुर की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि विकास कुमार रात करीब 10:11 बजे टोल प्लाजा पर शराब के नशे में अपनी ड्यूटी पर पहुंचा।
शिव किशोर यादव के अनुसार, कर्मचारी के नशे में होने और देरी से आने के कारण उसे ड्यूटी करने से मना कर दिया गया। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने वहीं पर गाली-गलौज शुरू कर दी और झगड़ा करने लगा। काफी समझाने के बाद उसे वहां से घर जाने के लिए कहा गया, जिसके बाद वह उस समय वहां से चला गया। तहरीर में बताया गया कि इसके बाद रात करीब तीन बजे एक मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने फोन पर गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और बार-बार यह पूछता रहा कि वह कहां है। आरोपी ने यह भी कहा कि अगर वह गेस्ट हाउस में है तो वहीं आकर देख लेगा।
शिफ्ट इंचार्ज ने तहरीर में बताया कि इस घटना से वह बेहद भयभीत हैं, क्योंकि सितंबर 2025 में इसी टोल प्लाजा पर टोल मैनेजर अरविंद पांडेय की हत्या हो चुकी है। ऐसे में उन्हें अपनी जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उधर, छपार थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।






