एक किशोरी को घर से जबरन चाचा ले गया, दूसरी को नशेड़ी युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में नाबालिग लड़कियों के अपहरण की दो अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामले में रिश्तों को शर्मसार करते हुए चाचा ही भतीजी को जबरन ले गया, जबकि दूसरे मामले में एक नशे का आदी और आपराधिक प्रवृत्ति का युवक घर में घुसकर किशोरी को अपने साथ ले गया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति अपनी ही नाबालिग भतीजी को लेकर फरार हो गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। मां द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि उसकी पुत्री को उसका चाचा बीरू पुत्र बालकिशन जबरन अपने साथ ले गया। आरोपी भी उसी क्षेत्र में निवास करता है। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
वहीं दूसरी घटना थाना मंसूरपुर क्षेत्र के एक गांव की है, जहां एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप एक नशे के आदी और आपराधिक प्रवृत्ति के युवक पर लगाया है। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी युवक विश्वजीत पुत्र अमरपाल सिंह उसकी बेटी को लंबे समय से डरा-धमकाकर अपने संपर्क में रखने की कोशिश कर रहा था। परिजनों के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार लड़की को धमकी दे चुका था। जब परिवार को इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने बेटी को उससे दूरी बनाने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने उसे जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
महिला ने बताया कि 24 मार्च को जब परिवार के सदस्य किसी काम से खतौली गए हुए थे, उसी दौरान आरोपी युवक घर में घुस आया और उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर किशोरी को डरा-धमकाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद से परिवार में भय और चिंता का माहौल है। पीड़िता की मां ने पुलिस से गुहार लगाते हुए बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की है। उसने यह भी बताया कि उसका पति दिव्यांग है और वह खुद बेहद परेशान और असहाय स्थिति में है। दोनों मामलों में पुलिस ने अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और लड़कियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़िताओं को सुरक्षित बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।






