20 घंटे में पकड़ा गया 13.65 लाख और फार्च्युनर उड़ा ले जाने वाला ड्राईवर

मुजफ्फरनगर। ईंट भट्टों पर माल सप्लाई के बाद भुगतान की रकम लेकर वापस दिल्ली लौट रहे चाचा-भतीजा दिल्ली-देहरादून हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रूके, वो खाना खाते रहे और उनका कार चालक भुगतान के रूप में मिले 13.65 लाख रुपये की नकदी और 50 लाख रुपये कीमत की फार्च्युनर कार लेकर फरार हो गया। चालक के फरार होने के बाद पीड़ित व्यापारी ने खतौली थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया तो पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मात्र 20 घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उससे कार और नकदी बरामद कर ली गई। इसमें सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरे पुलिस के बड़े मददगार साबित हुए।

खतौली कोतवाली में बुधवार को मीडिया को जानकारी देते हुए सीओ रामाशीष यादव ने बताया कि दिल्ली के सरिता विहार निवासी आयुष जैन पुत्र विनय कुमार जैन ने खतौली थाने में पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वो अपने व्यापार से सम्बंधित माल ईंट भट्टों पर सप्लाई करने का काम करता है। उसने मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में भी माल सप्लाई किया था। उसी माल का भुगतान प्राप्त करने के लिए व्यापारी 5 अगस्त को अपने चाचा मोहन जैन पुत्र वीर जैन निवासी सविता विहार दिल्ली और कार चालक परमेश्वर यादव के साथ मुजफ्फरनगर आया था।

व्यापारी ने मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर स्थित ईंट भट्टे से 4.60 लाख और शामली जनपद के ऊन में स्थित भट्टे से 905700 रुपये, कुल 13 लाख 65 हजार 700 रुपये कलेक्शन के रूप में नकद प्राप्त किये और व्यापारी अपने चाचा और कार चालक के साथ दिल्ली के लिए वापस चल दिये थे। व्यापारी आयुष जैन दोपहर करीब 2 बजे दिल्ली-देहदादून हाईवे पर पहुंचे तो खतौली बाईपास पर स्थित एसवी पंजाबी टूरिस्ट ढाबे पर भोजन करने के लिए कार रुकवा ली थी। आयुष ने कार चालक को भी भोजन करने के लिए कहा, लेकिन उसने इंकार कर दिया। बताया कि सारा पैसा वो चालक को सौंपकर कार के पास ही छोड़कर ढाबे पर अंदर खाना खाने चले गये थे। जब वो भोजन करने के उपरांत ढाबे से बाहर आये तो कार और चालक दोनों ही गायब मिले। फोन मिलाया तो वो बंद आया। कार चालक परमेश्वर पैसा और गाड़ी लेकर फरार हो चुका था। सीओ ने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर कार चालक परमेश्वर के खिलाफ बीएनएस की धारा 316-2 के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज कर कई टीमों को तत्काल ही लगा दिया गया।

मात्र 20 घंटे के अंतराल में ही पुलिस टीम ने सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी को फार्च्युनर कार संख्या डीएल 07 सीडब्लू 9600 और नकदी सहित गिरफ्तार कर लिया। बताया कि पकड़े गये आरोपी प्रेम उर्फ परमेश्वर यादव पुत्र उपेन्द्र यादव निवासी ग्राम ब्रहमपुर तोले किसनिपटी थाना फुलसपरास जिला मधुबनी बिहार हाल निवासी कडकडडूमा थाना आन्नद विहार दिल्ली ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उप निरीक्षक अमित चौधरी और विनय शर्मा सहित 12 पुलिस कर्मी शामिल रहे। 

इसे भी पढ़ें:  सहारनपुर में कश्यप समाज का धरना प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *