मुजफ्फरनगर-बारात में मिले बधाई के पैसे बांटने को लेकर बैंड मास्टरों में मारपीट

दोनों के बीच जमकर चले लात-घूसे, सड़क पर गिरा-गिराकर एक दूसरे को पीटा, पुलिस ने कराया बीच-बचाव

मुजफ्फरनगर। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शुमार शिव चौक उस समय रणभूमि में तब्दील हो गया, जब एक बैंड बाजा टीम के मास्टरों के बीच बारात की चढ़त के दौरान बधाई में मिले पैसों के बंटवारे को लेकर जमकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते सरेआम मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

नगर कोतवाली क्षेत्र के शिव चौक पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही बैंड बाजा टीम के सदस्यों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर हिंसक झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि बारात में मिले बधाई के पैसों को आपस में बांटने को लेकर बैंड टीम के मास्टरों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि बैंड मास्टर एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। शिव चौक जैसे व्यस्त इलाके में सड़क पर गिरा-गिराकर मारपीट की गई, जिससे वहां मौजूद राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई। कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

इसे भी पढ़ें:  पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर देर रात हंगामा

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक आपस में गाली-गलौज करते हुए एक-दूसरे को पीट रहे हैं, जबकि आसपास भीड़ तमाशबीन बनी हुई है। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और सभी को वहां से हटाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यदि शिकायत मिलती है, तो मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिव चौक जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने पुलिस से ऐसे मामलों में सख्ती बरतने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इसे भी पढ़ें:  बीडीओ चरथावल की रिपोर्ट पर लटकी पालिका की जांच
Share This Article