14 से 20 जून तक न्यूमैक्स सिटी मैदान पर होंगे मुकाबले, देश के विभिन्न राज्यों की खिलाड़ी लेंगी हिस्सा
मुजफ्फरनगर। जनपद में पहली बार महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुपर वूमैन क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। 14 जून से 20 जून तक न्यूमैक्स सिटी के मैदान पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की महिला क्रिकेट खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगी। भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री एवं समाजसेवी ममता अग्रवाल ने इस पहल का समर्थन करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
ममता अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक महिलाओं एवं युवतियों से लीग में सहभागिता और सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर जैसे शहर में महिला क्रिकेट लीग का आयोजन एक ऐतिहासिक पहल है, जो बालिकाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन बोपाड़ा गांव के प्रधान सतेन्द्र कुमार सिंह द्वारा कराया जा रहा है। उनकी पुत्री खुशी राठी उत्तर प्रदेश अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी हैं और क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। आयोजन समिति के अनुसार लीग में तमिलनाडु, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।

ममता अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और खेलों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की राह भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को इस आयोजन में सहयोग देना चाहिए ताकि महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन हो सके। उन्होंने कहा कि एक समय था जब क्रिकेट को केवल पुरुषों का खेल माना जाता था, लेकिन आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि क्रिकेट महिलाओं के लिए भी एक उज्ज्वल करियर का माध्यम बन चुका है। महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर खेल जगत में नई पहचान स्थापित की है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनी हैं।
ममता अग्रवाल ने जानकारी में बताया कि आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग लेंगी। विजेता टीम को 51 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। लीग के दौरान प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 8 बजे से 11 बजे तक तथा दूसरा मैच दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। खेल प्रेमियों का मानना है कि इस तरह के आयोजन न केवल महिला क्रिकेट को नई दिशा देंगे, बल्कि जिले की प्रतिभाशाली बेटियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर भी प्रदान करेंगे। स्थानीय स्तर पर पहली बार आयोजित हो रही यह महिला क्रिकेट लीग जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।






