जयंत का मिशन लेकर गांव-घर तक पहुंचेगी टीम आरएलडीः अमरीश त्यागी

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर टीम आरएलडी को दी गई जिम्मेदारी, विकास कादियान बने जिला संयोजक

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के मिशन और विजन को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाने के लिए टीम आरएलडी का गठन किया गया है। इसी क्रम में जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक अमरीश त्यागी ने कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया। बैठक में बताया गया कि टीम आरएलडी में विकास कादियान को जिला संयोजक की जिम्मेदारी दी गई, जबकि अमरीश त्यागी ने कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में पोस्टर विवाद: पुलिस की सख़्त कार्रवाई, 5 गिरफ्तार

सरकूलर रोड स्थित जिला कार्यालय पर पहुंचे रालोद के केन्द्रीय पर्यवेक्षक अमरीश त्यागी ने मीटिंग के बाद पत्रकारों के साथ वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बताया कि 18 जून को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मंत्री जयंत चौधरी ने हस्तिनापुर क्षेत्र की मीटिंग लेकर मिशन-2027 का विजन सामने रखते हुए गांव और घर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए टीम आरएलडी का नए सिरे से गठन कर गांव-गांव सम्पर्क सूत्र बनाने का टास्क दिया है। यह टीम मुख्य जिला संगठन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए काम करेगी, न कि इसको रालोद का समानांतर संगठन माना जायेगा, इसके गठन को लेकर कोई विवाद या गुटबाजी की कोई संभावना नहीं है, उन्होंने बताया कि टीम आरएलडी जिला संयोजक के अधीन मैन बॉडी के जिलाध्यक्ष के साथ काम करेगी।

इसे भी पढ़ें:  सरकार पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सुल्तानपुर के सीएमएस डॉ. भास्कर प्रसाद सस्पेंड | वीडियो वायरल

यहां पर विकास कादियान को जिला संयोजक बनाया गया है। इसमें अब हर गांव में एक सम्पर्क सूत्र बनाया जायेगा, इसके लिए आईटी विशेषज्ञ युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके बाद विधानसभा स्तर पर एक कमेटी का गठन होगा, इसमें गांवों की सामाजिक संरचना, डेमोग्राफी और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए हर जाति और वर्ग के साथ ही युवाओं, महिलाओं तथा पुराने लोगों को जोड़ने का काम टीम आरएलडी करेगी। यही समिति पार्टी की नीति, जनहित के कार्य और चुनावी प्रबंधन पर काम करते हुए घर-घर तक पहुंचेगी। ये गठन दो हफ्तों के समय में पूर्ण करना होगा।

अमरीश त्यागी ने 2027 में प्रस्तावित यूपी विधानसभा चुनाव में वेस्ट यूपी में भाजपा के साथ सीट बंटवारे के सवाल पर कहा कि यह अभी तय नहीं हुआ, राष्ट्रीय नेतृत्व जो तय करेगा वो सभी को मान्य होगा। खतौली और थानाभवन सीट भाजपा के लिए छोड़ने की चर्चाओं को कोरी अफवाह बताते हुए उन्होंने कहा कि वो खुद 18 जून की मीटिंग में शामिल थे, अभी कुछ भी ऐसा निर्णय नहीं लिया गया है। पिछला चुनाव रालोद ने सपा के साथ गठबंधन में लड़ा था और इसके बाद अब 2027 का चुनाव भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ने की तैयारी है, इससे राजनीतिक समीकरण बदले हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय राठी और जिला संयोजक टीम आरएलडी विकास कादियान और अन्य लोग मौजूद रहे। इससे पहले मीटिंग में सांसद चंदन चौहान और मंत्री अनिल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  यूपी में फरवरी में बढ़ती गर्मी पर मौसम विभाग की चेतावनी
Share This Article